असम-मेघालय सीमा विवाद वार्ता में 'सकारात्मक प्रगति' के संकेत
By भाषा | Updated: December 22, 2021 23:46 IST2021-12-22T23:46:53+5:302021-12-22T23:46:53+5:30

असम-मेघालय सीमा विवाद वार्ता में 'सकारात्मक प्रगति' के संकेत
गुवाहाटी/शिलांग, 22 दिसंबर असम और मेघालय लंबे समय से चले आ रहे अंतरराज्यीय सीमा विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की दिशा में 'सकारात्मक प्रगति' कर रहे हैं और जल्द ही परस्पर स्वीकार्य समाधान की उम्मीद है। पूर्वोत्तर के दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बुधवार को यह बात कही।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने दोनों पड़ोसियों के बीच सीमा विवाद को सुलझाने में प्रगति पर चर्चा करने के लिए गुवाहाटी में बैठक के लिए अपने मेघालय समकक्ष कोनराड संगमा की मेजबानी की।
दो महीने में इस मुद्दे पर दोनों राज्यों के बीच मुख्यमंत्री स्तर की यह दूसरी बैठक है और इस साल मई में सरमा के असम में मुख्यमंत्री बनने के बाद यह चौथी बैठक रही।
सरमा ने बैठक के बाद ट्वीट किया, ''हम अपने पड़ोसियों के साथ सीमा मुद्दों को सुलझाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।''
अब तक की वार्ता प्रगति पर संतुष्टि जताते हुए संगमा ने ट्वीट किया, ''हमने अपने संयुक्त संवाद के माध्यम से काफी सकारात्मक प्रगति की और जल्द ही एक सौहार्दपूर्ण समाधान पर पहुंचने की उम्मीद है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।