पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की अटकलों के बीच सिद्धू ने फिर साधा अमरिंदर सिंह पर निशाना

By भाषा | Updated: May 19, 2021 00:02 IST2021-05-19T00:02:29+5:302021-05-19T00:02:29+5:30

Sidhu again targeted Amarinder Singh amid speculation of factionalism in Punjab Congress | पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की अटकलों के बीच सिद्धू ने फिर साधा अमरिंदर सिंह पर निशाना

पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की अटकलों के बीच सिद्धू ने फिर साधा अमरिंदर सिंह पर निशाना

चंडीगढ़, 18 मई कांग्रेस की पंजाब इकाई में गुटबाजी बढ़ने की अटकलों के बीच राज्य के पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर फिर से निशाना साधते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि पार्टी में उनके साथियों को सच बोलने के लिए धमकाया जा रहा है।

सिद्धू का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के राजनीति सलाहकार संदीप संधू पर धमकाने का सोमवार को आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी की घटना पर राज्य सरकार से सवाल करने के बाद उन्हें धमकी दी गई।

अमरिंदर और सिद्धू ने धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी की जांच को लेकर सार्वजनिक रूप से एक दूसरे पर निशाना साधा है। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने गत माह पंजाब पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा कोटकपूरा गोलीकांड को लेकर पेश की गई जांच रिपोर्ट को रद्द कर दिया था। पुलिस ने धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी का कोटकपूरा में विरोध कर रहे लोगों पर 2015 में कथित रूप से गोलीबारी की थी।

सिद्धू ने इस मामले में अमरिंदर सिंह पर जिम्मेदारी से बचने का आरोप लगाया है।

सिद्धू ने अपने ट्विटर हैंडल पर परगट सिंह के संवाददाता सम्मेलन का वीडियो अपलोड करते हुए ट्वीट किया, ‘‘लोगों के मुद्दे उठा रहे मंत्री, विधायक और सांसद पार्टी को मजबूत कर रहे हैं, अपने लोकतांत्रिक कर्तव्यों को पूरा कर रहे हैं और अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर रहे हैं... लेकिन सच बोलने वाला हर व्यक्ति आपका दुश्मन बन जाता है। अपने पार्टी सहयोगियों को धमकाकर आप अपने डर और असुरक्षा को दर्शाते है।’’

हालांकि कांग्रेस ने मंगलवार को कहा कि राज्य में पार्टी के बीच कोई गुटबाजी नहीं है, बल्कि नेताओं के अलग-अलग विचार हैं।

पंजाब से राज्यसभा सदस्यों प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दुलो ने भी मुख्यमंत्री की आलोचना की है और उनके कई फैसलों पर सवाल उठाए हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Sidhu again targeted Amarinder Singh amid speculation of factionalism in Punjab Congress

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे