शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'नेहरू ने सत्ता की चाहत में देश विभाजन को स्वीकार किया'
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: September 25, 2022 10:13 PM2022-09-25T22:13:46+5:302022-09-25T22:18:00+5:30
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने बीते 70 वर्षों के शासनकाल में विकास को हमेशा सबसे आखिरी क्रम में रखा गया। इस कारण देश का विकास ठीक तरीके से नहीं हो पाया।
झाबुआ: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए उसे देश की दुर्दशा के लिए जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता सीएम शिवराज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के बीते 70 वर्षों के शासनकाल में विकास को हमेशा सबसे आखिरी क्रम में रखा गया। इस कारण देश का विकास ठीक तरीके से नहीं हो पाया।
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के थांदला शहर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा "एक तरफ भाजपा की सरकार है जो विकास के काम करती है और कांग्रेस को विकास से कोई लेना-देना नहीं है। कांग्रेस के राज में कभी विकास के काम होते ही नहीं थे। उनके(कांग्रेस) नेता अभी भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं।"
मैं पूछना चाहता हूं राहुल गांधी भारत तोड़ा किसने? जल्दी सत्ता प्राप्त करने की चाह में स्वर्गीय पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश के विभाजन को स्वीकार किया। अगर देश को तोड़ने का पाप किसी के सिर पर है तो वो कांग्रेस पार्टी है: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान pic.twitter.com/SFTv8qwpc5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 25, 2022
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस की प्रथम पीढ़ी के नेता और देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर मौजूदा समय समय में गांधी-नेहरू परिवार के वारिस राहुल गांधी पर एक साथ जमकर बेहद तीखा हमला बोला।
जनसभा में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "मैं पूछना चाहता हूं राहुल गांधी भारत तोड़ा किसने? जल्दी सत्ता प्राप्त करने की चाह में स्वर्गीय पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश के विभाजन को स्वीकार किया। अगर देश को तोड़ने का पाप किसी के सिर पर है तो वो कांग्रेस पार्टी है।"
मुख्यमंत्री चौहान ने अपने भाषण में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता कमलनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वो भी मध्य प्रदेश में सवा साल सरकार चला चुके हैं लेकिन काम क्या किया सब जानते हैं। उन्होंने सवा साल के राज में वल्लभ भवन को दलालों अड्डा बनाकर रख दिया। मैं कहता हूं कि कमलनाथ को जनता की बद्दुआ लगी, जिसके कारण फिर भाजपा की सरकार आ गई।