उद्धव ठाकरे सरकार में शामिल हो सकते हैं आदित्य ठाकरे, जानें कांग्रेस-एनसीपी-शिवसेना के मंत्रियों की लिस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: December 30, 2019 11:16 IST2019-12-30T11:03:20+5:302019-12-30T11:16:02+5:30
सोमवार (30 दिसंबर) को शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस की महाविकास आघाडी के तकरीबन 36 मंत्री शपथ ले सकते हैं. जिसमें शिवसेना के 13, एनसीपी के 13 और कांग्रेस के 10 मंत्री शामिल होंगे.

आदित्य ठाकरे वर्ली से विधायक हैं.
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे और वर्ली के विधायक आदित्य ठाकरेमहाराष्ट्र सरकार में मंत्री बन सकते हैं। यह जानकारी एनडीटीवी ने सूत्रों के हवाले से दी है। महाराष्ट्र में आज (30 दिसंबर) को कैबिनेट विस्तार होना है। हाल में ही आदित्य ठाकरे की सुरक्षा बढ़ाकर जेड श्रेणी की गई है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019 में चुनावी राजनीति में पदार्पण करते हुए शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने को मुंबई में वर्ली विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। ठाकरे परिवार से कोई चुनाव लड़ने वाले पहले सदस्य 29 वर्षीय आदित्य ने एनसीपी के अपनी करीबी प्रतिद्वंद्वी सुरेश माने को 70,000 से अधिक मतों के भारी अंतर से हराया।
Sources: Shiv Sena leader Aditya Thackeray to take oath as state minister today (file pic) #Cabinetexpansion#Maharashtrapic.twitter.com/0PD1RU4wgf
— ANI (@ANI) December 30, 2019
उद्धव सरकार में जगह पाने वालों में अजित पवार, अशोक चव्हाण, धनंजय मुंडे, अनिल परब, सुनील राऊत, दिलीप वलसे पाटिल के नामों की चर्चा जोरों पर है। वहीं आशीष जायसवाल, अनिल देशमुख, बच्चू कडू़, संजय राठोड़, यशोमति ठाकुर को विदर्भ का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल सकता है। भाजपा सरकार के दौरान कम और दोयम दर्जे के मंत्री पद मिलने की शिकायत करने वाली शिवसेना अब सत्ता में है और उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री हैं।
संभावना जताई जा रही है कि अब शिवसेना के कई विधायकों की मंत्री बनने की इच्छा पूरी होने वाली है। इसी तरह पांच वर्षों से सत्ता से बाहर रहने वाली कांग्रेस-एनसीपी के नेता भी मंत्रीपद पाने के लिए अपनी-अपनी ओर से जोर आजमाइश में लगे हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह को भव्यता प्रदान करने के लिए विधान भवन परिसर में आकर्षक मंच तैयार किया गया है। समारोह में पहुंचेवाले 6000 से अधिक लोगों की बैठने की व्यवस्था की गई है। परिसर में जगह-जगह पर 15 एलईडी स्क्रीन लगाई गई है।
अजित बनेंगे उपमुख्यमंत्री?
अजित पवार उपमुख्यमंत्री बनेंगे या नहीं यह तो वक्त ही बताएगा लेकिन वह मंत्री पद की शपथ लेंगे यह सुनिश्चित माना जा रहा है। अजित पवार को दोबारा गृह मंत्रालय मिलेगा या नहीं इस पर लोगों की नजरें टिकी हैं। धनंजय मुंडे को सिंचाई मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपे जाने की संभावना है।
ये बन सकते हैं मंत्री
शिवसेना : अनिल परब, रवींद्र वायकर, सुनील प्रभु, सुनील राऊत, उदय सामंत, भास्कर जाधव, वैभव नाईक, शंभुराजे देसाई, प्रकाश अंबिटकर, संजय शिरसाट, अब्दुल सत्तार, तानाजी सावंत, आशीष जायस्वाल, संजय रायमुलकर, बच्चू कडू, संजय राठोड, प्रताप सरनाईक, गुलाबराव पाटिल, दादा भुसे, सुहास कांदे
एनसीपी : अजित पवार, दिलीप वलसे पाटिल, हसन मुश्रीफ, बालासाहब पाटिल, दत्ता भरणे, अनिल देशमुख, जितेंद्र आव्हाड़, नवाब मलिक, धनंजय मुंडे, राजेश टोपे, डॉ. राजेंद्र शिंगणे, आदिती तटकरे, डॉ. किरण लहामटे.
कांग्रेस : के.सी. पाडवी, अशोक चव्हाण, अमित देशमुख, प्रणीति शिंदे, सतेज पाटिल, विश्वजीत कदम, विजय वड्डेटीवार, यशोमती ठाकुर, वर्षा गायकवाड़, अमीन पटेल.