शिबू सोरेन झामुमो के दसवीं बार अध्यक्ष, हेमंत सोरेन कार्यकारी अध्यक्ष चुने गए
By भाषा | Updated: December 19, 2021 01:30 IST2021-12-19T01:30:21+5:302021-12-19T01:30:21+5:30

शिबू सोरेन झामुमो के दसवीं बार अध्यक्ष, हेमंत सोरेन कार्यकारी अध्यक्ष चुने गए
रांची, 18 दिसंबर झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने लगातार दसवीं बार शिबू सोरेन को शनिवार को पार्टी का सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुन लिया। शिबू सोरेन के पुत्र व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पार्टी ने एक बार फिर कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है।
रांची में शनिवार को झामुमो के 12वें केंद्रीय महाधिवेशन में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। झामुमो के तीन वर्ष बाद हुए महाधिवेशन में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से लगभग 700 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना वर्ष 1972 में हुई थी और पार्टी का पहला महाधिवेशन 1983 में धनबाद में आयोजित हुआ था। झामुमो ने एक विज्ञप्ति में बताया कि शिबू सोरेन पहली बार 1991 में पार्टी के अध्यक्ष चुने गये थे और तब से लेकर वह लगातार इस पद पर निर्विरोध चुने जाते रहे हैं।
शनिवार को दसवीं बार अध्यक्ष चुने जाने के बाद शिबू सोरेन ने कहा, ‘‘झारखंड मुक्ति मोर्चा का जन्म आंदोलन की बदौलत हुआ। राज्य में अब उन लोगों की सरकार है, जिन्होंने आंदोलन कर अलग राज्य बनाया। राज्य को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब हमारी है। सरकार को गांवों के विकास की योजनाएं गांव के लोगों से पूछकर बनानी चाहिए।’’
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, ‘‘ पार्टी ने लंबे संघर्ष के बाद राज्य में सरकार बनायी, लेकिन सत्ता हमारी आखिरी मंजिल नहीं है। हम झारखंड को बदलने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।’’
महाधिवेशन में पारित प्रस्ताव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार पर निशाना साधा गया। महाधिवेशन में झामुमो के सभी सांसद-विधायक और राज्य में पार्टी के सभी मंत्री भी उपस्थित थे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।