शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कब होंगे कांग्रेस में शामिल, कहा- 'सिचुएशन कुछ भी हो लोकेशन वही होगा'
By पल्लवी कुमारी | Updated: March 28, 2019 16:59 IST2019-03-28T16:59:29+5:302019-03-28T16:59:29+5:30
शत्रुघ्न सिन्हा का पटना साहिब सीट से दूसरा लोकसभा कार्यकाल है और इस बार बीजेपी ने इस संसदीय क्षेत्र से उनके बजाए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने बताया कब होंगे कांग्रेस में शामिल, कहा- 'सिचुएशन कुछ भी हो लोकेशन वही होगा'
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से करीब तीन दशकों तक जुड़े रहे नेता और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस में शामिल होने वाले हैं। 28 मार्च को शत्रुघ्न सिन्हा ने खुद इसका ऐलान किया है। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, ''मैं जल्द ही कांग्रेस ज्वाइन कर लूंगा। शायद नवरात्री में मैं आपको कोई अच्छी खबर सुना सकता हूं। लेकिन ये तय है कि मैं कांग्रेस ही ज्वाइन करूंगा।''
शत्रुघ्न सिन्हा से जब ये पूछा गया कि क्या आप बिहार के पटना साहिब लोकसभा सीट से ही चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने कहा, ''सिचुएशन कुछ भी हो लोकेशन वही होगा''। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखिलेश प्रसाद सिंह ने इस बात की पुष्टि की है कि शत्रुघ्न सिन्हा पटना से ही कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार होंगे। बीजेपी ने पटना साहिब से कैबिनेट मंत्री रविशंकर प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है।
Shatrughan Sinha on being asked 'if he will contest from Patna Sahib?': Situation kuch bhi ho location wahi hoga. https://t.co/ybPjaet9lM
— ANI (@ANI) March 28, 2019
पटना स्थित बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा था कि शत्रुघ्न सिन्हा 28 मार्च को नई दिल्ली में पार्टी में शामिल होंगे। वह पटना साहिब से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। लेकिन 28 मार्च को उन्होंने बताया कि आज किसी बात को लेकर वह कांग्रेस में शामिल नहीं हो पाए।
सांसद, नेता/अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा जी आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी से मिले।वह सच बोलते रहे हैं, खामोश नहीं रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रहित में लिये कांग्रेस पार्टी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का निश्चय किया है। 6 अप्रैल को आधिकारिक तौर पर कांग्रेस में शामिल होंगे। pic.twitter.com/ramBCTg7Nv
— Shaktisinh Gohil (@shaktisinhgohil) March 28, 2019
कभी बीजेपी के स्टार प्रचारक थे शत्रुघ्न सिन्हा
शत्रुघ्न सिन्हा का पटना साहिब सीट से दूसरा लोकसभा कार्यकाल है और इस बार बीजेपी ने इस संसदीय क्षेत्र से उनके बजाए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।
कभी बीजेपी के स्टार प्रचारकों में से शुमार रहे शत्रुघ्न अपनी पार्टी के भीतर महत्व नहीं दिए जाने से नाराज चल रहे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व की लगातार आलोचना करते रहे हैं। बिहार में कांग्रेस अन्य विपक्षी दलों राजद एवं रालोसपा सहित अन्य छोटे दलों के "महागठबंधन" शामिल है।