शांता कुमार की पत्नी का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन

By भाषा | Updated: December 29, 2020 20:51 IST2020-12-29T20:51:04+5:302020-12-29T20:51:04+5:30

Shanta Kumar's wife dies due to corona virus infection | शांता कुमार की पत्नी का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन

शांता कुमार की पत्नी का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन

शिमला, 29 दिसंबर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की पत्नी संतोष शैलजा का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मंगलवार तड़के निधन हो गया। शैलजा 83 वर्ष की थीं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजीव शैजल ने यह जानकारी दी।

कांगड़ा के पालमपुर के श्मशान में कोरोना वायरस नियमों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

शैलजा का राज्य के कांगड़ा जिले के टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा था। कुछ दिन पहले कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और राजीव शैजल ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजन को यह अपूरणीय क्षति सहने की ताकत देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के लिए पालमपुर में कुमार के आवास गए।

ठाकुर ने कहा कि शैलजा एक शिक्षाविद्, लेखिका और सामाजिक कार्यकर्ता थीं और वह हमेशा गरीब और वंचित लोगों के उत्थान के लिए प्रयासरत रहीं।

हिमाचल प्रदेश के भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह-प्रभारी संजय टंडन और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी शोक व्यक्त किया।

शांता कुमार को भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के एक दिन बाद शनिवार को टांडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार के चार अन्य सदस्य, उनके निजी सचिव, सुरक्षा अधिकारी और चालक भी संक्रमित पाए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कुमार से बात कर उनका और उनके परिवार का हाल-चाल जाना था।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Shanta Kumar's wife dies due to corona virus infection

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे