शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस पटरी से उतरी, बाल-बाल बचे रेलयात्री, टला बड़ा हादसा
By आनंद शर्मा | Updated: March 13, 2026 20:01 IST2026-03-13T20:01:41+5:302026-03-13T20:01:41+5:30
रेल प्रशासन ने तुरंत ट्रेन को पटरी पर लाने का काम शुरू किया. इससे तीन घंटे तक घटनास्थल पर अटकने के बाद ट्रेन नागपुर के लिए आगे बढ़ सकी.

शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस पटरी से उतरी, बाल-बाल बचे रेलयात्री, टला बड़ा हादसा
नागपुर: शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस शुक्रवार दोपहर अचानक पटरी से उतर गई. गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई यात्री हताहत नहीं हुआ. रेल प्रशासन ने तुरंत ट्रेन को पटरी पर लाने का काम शुरू किया. इससे तीन घंटे तक घटनास्थल पर अटकने के बाद ट्रेन नागपुर के लिए आगे बढ़ सकी. घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता अन्य अधिकारियों के साथ हादसे की जगह पर पहुंचे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 11202 शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस आज शहडोल से छूटने के बाद दोपहर 12.01 बजे नैनपुर से निकली ही थी कि दोपहर करीब 12.13 बजे नैनपुर और केवलारी के ग्राम खैरलांजी के बीच (किमी 1225/12) इस ट्रेन के गार्ड ब्रेकवैन का एक पहिया अचानक पटरी से उतर गया. इससे ट्रेन के यात्रियों को जोरदार झटका लगा और वे घबरा गए.
अचानक ट्रेन रुक जाने से उन्होंने उतरकर जानकारी ली तो पता चला कि ट्रेन पटरी से उतरी है. इस हादसे की सूचना मिलते ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल के डीआरएम दीपक कुमार गुप्ता, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और स्टाफ फौरन घटनास्थल के लिए रवाना हो गए.
तत्काल ट्रेन को पटरी पर लाकर रेलमार्ग को बहाल करने का काम शुरू किया गया. ये काम दोपहर सवा तीन बजे तक चला. इस वजह से ट्रेन संख्या 11201 नागपुर-शहडोल एक्सप्रेस को पिपरदही स्टेशन पर दोपहर 12.34 बजे से लगभग तीन घंटे तक रोककर रखा गया. रेल प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं. माना जा रहा है कि ट्रेन या ट्रैक के मेन्टेनेंस में तकनीकी खामी आने से यह घटना हुई होगी. हालांकि, असलियत जांच के बाद ही सामने आएगी.