शाह ने असम में हुई नौका दुर्घटना पर दुख प्रकट किया
By भाषा | Updated: September 8, 2021 20:19 IST2021-09-08T20:19:32+5:302021-09-08T20:19:32+5:30

शाह ने असम में हुई नौका दुर्घटना पर दुख प्रकट किया
नयी दिल्ली, आठ सितंबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को असम में हुई नौका दुर्घटना पर दुख जताया, जिसमें कई लोगों के नदी में डूबने की आशंका है। उन्होंने बचाव अभियान में केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
शाह ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा से भी बात की। सरमा ने उन्हें पीड़ितों के बचाव के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी।
असम के जोरहाट जिले में ब्रह्मपुत्र में निमती घाट के पास एक नौका स्टीमर से टकराने के बाद एक नाव नदी में डूब गई, जिसपर 120 यात्री सवार थे।
शाह ने ट्वीट किया, ''असम में हुई नाव दुर्घटना के बारे में जानकर दुख हुआ। मुख्यमंत्री श्री हिमंत बिस्व सरमा से बात की है। राज्य का प्रशासन लोगों को बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। हम लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। केंद्र सरकार की तरफ से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।