हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राव धर्मपाल नहीं रहे
By भाषा | Updated: April 27, 2021 20:45 IST2021-04-27T20:45:02+5:302021-04-27T20:45:02+5:30

हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राव धर्मपाल नहीं रहे
चंडीगढ़, 27 अप्रैल हरियाणा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री राव धर्मपाल का 79 साल की आयु में गुड़गांव में निधन हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सैलजा ने उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।
धर्मपाल ने बीमारी के चलते सोमवार को अंतिम सांस ली।
सैलजा ने ट्वीट किया, ‘‘ वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री राव धर्मपाल जी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। ’’
उन्होंने कहा कि उनका निधन कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा, ‘‘ ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे और शोक संतप्त परिवार को इस दुखद क्षति को सहने की शक्ति दे। ’’
इस बीच, सैलजा ने हरियाणा की वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं विधायक किरण चौधरी के पिता ब्रिगेडियर (सेवानिवृत) आत्मा सिंह और सरला आत्मा के निधन पर भी शोक प्रकट किया।
ब्रिगेडियर सिंह की सोमवार को 97 साल की उम्र में मृत्यु हो गयी और कुछ घंटे बाद ही उनकी पत्नी भी चल बसीं।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने भी ब्रिगेडियर सिंह और पत्नी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
चौधरी के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री सिंह ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘‘ उनके (चौधरी के) पिता ब्रिगेडियर आत्मा सिंह जी ने पाकिस्तान के खिलाफ 1971 की लड़ाई में अहम भूमिका निभायी थी। उनकी आत्मा को शांति मिले।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।