नयी दिल्ली, तीन अक्टूबर मुंबई में एक जहाज से अभिनेता शाहरूख खान के बेटे समेत आठ युवाओं के पकड़े जाने के बाद स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के प्रमुख एस एन प्रधान ने रविवार को कहा कि जांच एजेंसी ‘बॉलीवुड कनेक्शन’ और मादक पदार्थों के बड़े गिरोह का पता लगा रही है।
प्रधान ने कहा कि एनसीबी ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है और ‘नाइट पार्टी’ के आयोजकों और कार्यक्रम प्रबंधकों, जहाज के प्रबंधन अधिकारियों और मालिकों को मामले में पूछताछ के लिए तलब किया है और इसमें उनकी संलिप्तता का पता लगाया जाएगा।
एनसीबी के महानिदेशक ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘इसमें ‘बॉलीवुड कनेक्शन’ है और हम मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। हम मादक पदार्थ के इस मामले के पीछे मुख्य आपूर्तिकर्ता और पूरे गिरोह का पता लगा रहे हैं। प्रधान ने कहा कि एजेंसी ‘‘पेशेवर तरीके से अपनी जांच करेगी।’’
प्रधान ने कहा कि एजेंसी ने कड़ी मेहनत की है और कुछ समय से इस मामले में सुराग पर काम कर रही थी, जिसके बाद एनसीबी के 22 अधिकारियों की एक टीम ‘‘यात्रियों के रूप में’’ कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर सवार हो गई और प्रतिबंधित सामग्री की तलाश में छापेमारी शुरू की।
जहाज पर छापेमारी के दौरान एमडीएमए, एक्स्टेसी, कोकीन, एमडी (मेफेड्रोन) और चरस जैसे मादक पदार्थ बरामद किए गए।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।