दिल्ली के चिड़ियाघर में चंड़ीगढ़ से दूसरा शुतुरमुर्ग लाया गया
By भाषा | Updated: September 23, 2021 22:26 IST2021-09-23T22:26:11+5:302021-09-23T22:26:11+5:30

दिल्ली के चिड़ियाघर में चंड़ीगढ़ से दूसरा शुतुरमुर्ग लाया गया
नयी दिल्ली, 23 सितंबर दिल्ली के राष्ट्रीय प्राणी उद्यान को चंडीगढ़ के चिड़ियाघर से बृहस्पतिवार को एक शुतुरमुर्ग मिला जो पांच महीने में यहां आने वाला दूसरा पक्षी है। वहीं तमिलनाडु से दो और शुतुरमुर्ग को जल्द लाने की कोशिश की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली के चिड़ियाघर में शुतुरमुर्ग की आबादी को लगभग पांच साल बाद बढ़ाया जा रहा है। चिड़ियाघर में जुलाई 2016 से मार्च 2021 तक कोई शुतुरमुर्ग नहीं था।
दिल्ली चिड़ियाघर की निदेशक सोनाली घोष ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह चंडीगढ़ के छतबीर चिड़ियाघर से एक नर शुतुरमुर्ग लाया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली चिड़ियाघर और चंडीगढ़ चिड़ियाघर के बीच पांच महीने में शुतुरमुर्ग का यह दूसरा आदान-प्रदान है।
घोष ने कहा, “अब हमारे पास दो नर शुतुरमुर्ग हैं। हम उनके लिए मादा शुतुरमुर्ग के जोड़े की तलाश कर रहे हैं। चेन्नई के अरिग्नार अन्ना प्राणी उद्यान से बातचीत चल रही है। कोविड स्थिति ने जानवरों के आदान-प्रदान को मुश्किल बना दिया है, इसलिए यह आसान नहीं होगा।”
दिल्ली को पशु आदान प्रदान कार्यक्रम के तहत जल्द ही गुजरात से प्रजनन के उद्देश्य के लिए तीन शेर भी मिलेंगे। गुजरात के केवडिया और सक्करबाग से एक शेर और दो शेरनी के दिल्ली चिड़ियाघर में लाए जाने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने कहा कि इसके बदले दिल्ली पश्चिमी राज्य को दो दरियाई घोड़े देगी। नागपुर में गोरेवाड़ा चिड़ियाघर के साथ एक अन्य पशु आदान प्रदान कार्यक्रम पर काम चल रहा है। आदान प्रदान के तहत दिल्ली को दो बाघ मिलेंगे। राष्ट्रीय राजधानी को नागपुर चिड़ियाघर से भालू की एक जोड़ी भी मिलेगी। चेन्नई के चिड़ियाघर से दिल्ली को एक बाघ मिल सकता है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।