लाइव न्यूज़ :

बेलागावी में संगोली रायन्ना की प्रतिमा विरूपित की गयी, कर्नाटक सरकार के वाहनों को निशाना बनाया गया

By भाषा | Updated: December 18, 2021 18:59 IST

Open in App

बेलागावी (कर्नाटक), 18 दिसंबर बेंगलुरु में शिवाजी महाराज की प्रतिमा विरूपित किये जाने के दावे के बाद यहां उपद्रवी तत्वों ने स्वतंत्रता सेनानी संगोली रायन्ना की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी एवं सरकारी वाहनों पर पथराव किया।

शुक्रवार रात की इन घटनाओं को नियम विरूद्ध बताते मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा कि उन्होंने शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले लोगों के खिलाफ गृह मंत्री अरग ज्ञानेंद्र से सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस सूत्रों ने कहा कि इन मामलों के संबंध में 27 लोग गिरफ्तार किये गये हैं।

इन घटनाओं के कारण कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच बेलगावी को लेकर सीमा विवाद के चलते टकराव की स्मृतियां ताजा हो चली हैं । इस बीच कर्नाटक के गृहमंत्री ने कहा कि पुलिस को कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

बेलगावी में कर्नाटक विधानमंडल का शीतकालीन सत्र चल रहा है। ऐसे में पुलिस ने दो अप्रिय घटनाओं के बाद शनिवार को यहां निषेधाज्ञा लगा दी।

मुख्यमंत्री ने हुब्बली में पत्रकारों से कहा, ‘‘पथराव, सार्वजनिक संपत्ति और सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाने जैसी घटनाएं गैरकानूनी हैं इसलिए पुलिस को दीर्घकालीन कदम उठाने का निर्देश दिया जाता है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हो।’’

राष्ट्र नायकों और देशभक्त नेताओं की प्रतिमाओं को विरूपित करने के रवैये को गलत बताते हुए बोम्मई ने कहा कि ऐसे नेता प्रत्येक समुदाय के होते हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘जब विधानसभा का सत्र चल रहा है तो इस घटना के समय सहित कई पहलुओं जांच की जाएगी।’’

संगोली रायन्ना सेने शिवराज होलीमठ के अध्यक्ष ने शनिवार को तिलकवाड़ी पुलिस में शिकायत दर्ज करायी कि दक्षिण बेलागावी के अंगोल में उनके घर के सामने रखी संगोली रायन्ना की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी गयी है। यह प्रतिमा अभी स्थापित नहीं की गयी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात लोगों ने शुक्रवार रात को प्रतिमा क्षतिग्रस्त की और जब उन्होंने शोर मचाया तो वे भाग गये।

पुलिस ने बताया कि प्रतिमा को तिलकवाड़ी थाने लाया गया है और इलाके में पुलिस बल को तैनात किया गया है।

इससे पहले उत्तर बेलागावी में एक घटना में आधी रात को संभाजी सर्किल के समीप भीड़ एकत्रित हो गयी और उसने नारेबाजी तथा सरकारी और पुलिस वाहनों पर पथराव करना शुरू कर दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बेंगलुरू में शिवाजी महाराज की प्रतिमा कथित तौर पर विरूपित करने की खबरें आने के बाद भीड़ हिंसा पर उतारू हो गयी। पुलिस ने बीच-बचाव किया और स्थिति पर काबू पाया।

गृह मंत्री ए.ज्ञानेंद्र ने कहा कि इन घटनाओं के संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है तथा कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

ज्ञानेंद्र ने कहा , ‘‘ पुलिस यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृति न हो। मराठी और कन्नड़ भाषी लोग बेलगावी में शांतिपूर्ण तरीके से रह रहे हैं लेकिन कुछ उपद्रवी तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं।’’

गृहमंत्री ने कहा कि किसी को भी संगोली रायन्ना या शिवाजी महाराज जैसे महापुरूषों का इस्तेमाल किसी समुदाय या भाषा के नाम पर क्षुद्र राजनीति के लिए नहीं करना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा, सिद्दरमैया, एच डी कुमारस्वामी, कांग्रेस की कर्नाटक ईकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार समेत अन्य नेताओं ने इन घटनाओं की निंदा की है।

पुलिस आयुक्त कार्यालय के अनुसार, बेलागावी पुलिस ने इलाके में 18 दिसंबर को सुबह आठ बजे से 19 दिसंबर को शाम छह बजे तक आपराधिक दंड संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा आदेश लागू किया है। इस इलाके में बेलागावी तालुका भी आता है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटRCB vs CSK: चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार, आरसीबी ने 43 रन से जीता बैक-टू-बैक दूसरा मुकाबला

विश्वसमय तेजी से बीत रहा और 48 घंटे बाद उन पर कहर टूट पड़ेगा?, ट्रंप ने कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोले तो?

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

क्रिकेटबेंगलुरु में छक्कों की बौछार के बीच, टिम डेविड की विस्फोटक पारी से CSK के खिलाफ RCB ने बनाया 250/3 का विशाल स्कोर

विश्व5 दिन और न्यायिक हिरासत में रहेंगे पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक

भारत अधिक खबरें

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह