साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार अतुलानंद गोस्वामी का निधन, पीएम मोदी और सीएम सरमा ने दुख जताया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: July 27, 2022 20:11 IST2022-07-27T20:08:46+5:302022-07-27T20:11:09+5:30
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने साहित्यकार अतुलानंद गोस्वामी के निधन पर दुख जताया। 10 दिनों तक गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रहे, जहां बुधवार सुबह उनका निधन हो गया।

गोस्वामी को उनके उपन्यासों और लघु कथाओं के लिए जाना जाता है। (file photo)
गुवाहाटीः साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित साहित्यकार अतुलानंद गोस्वामी का बुधवार को गुवाहाटी के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। यह जानकारी पारिवारिक सूत्रों ने दी। गोस्वामी को उनके उपन्यासों और लघु कथाओं के लिए जाना जाता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने साहित्यकार के निधन पर दुख जताया। गोस्वामी करीब 10 दिनों तक गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रहे, जहां बुधवार सुबह उनका निधन हो गया।
गोस्वामी की बेटी ने कहा, ‘‘हम उन्हें जीएमसीएच ले गए थे क्योंकि उन्हें बुखार था। उन्हें तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया। वह कई वर्षों से ‘डिमेंशिया’ (भूलने की बीमारी) से पीड़ित थे। बाद में उन्हें ‘सेप्सिस’ हो गया।’’ गोस्वामी का अंतिम संस्कार उनके बेटे ने यहां नवगृह श्मशान घाट में किया। गोस्वामी की पत्नी का पहले ही निधन हो गया था।
गोस्वामी के परिवार में उनके बच्चे और पोते-पोतियां हैं। 1990 के दशक की शुरुआत में लिखे उपन्यास ‘नामघोरिया’ के लिए व्यापक रूप से पहचाने जाने वाले गोस्वामी को उनके लघु कहानी संग्रह 'सेनेह जरीर गांथी' के लिए 2006 में साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला था।
उन्हें अंबिकागिरि रॉय चौधरी साहित्य पुरस्कार, कुमार किशोर स्मृति पुरस्कार, कथा पुरस्कार और स्नेह भारती साहित्य सम्मान सहित अन्य सम्मानों से भी सम्मानित किया गया था। गोस्वामी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘प्रसिद्ध लेखक श्री अतुलानंद गोस्वामी जी के निधन से दुखी हूं। उनकी कृतियों को बहुत प्रशंसा मिली और उनकी विविधता और संवेदनशीलता के लिए प्रशंसा की गई। उन्होंने अंग्रेजी में असमिया साहित्य को लोकप्रिय बनाने के लिए बहुत प्रयास किए। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’’
Saddened by the passing away of noted writer Shri Atulananda Goswami Ji. His works received great acclaim and are admired for their diversity and sensitivity. He made great efforts to popularise Assamese literature in English. Condolences to his family and admirers. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) July 27, 2022
गोस्वामी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने ट्वीट किया, ‘‘जानेमाने साहित्यकार अतुलानंद गोस्वामी के निधन की खबर ने मुझे बहुत दुखी किया है।’’ उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।