राजस्थान: भाजपा के आरोपों के खिलाफ सचिन पायलट ने सीएम अशोक गहलोत का किया समर्थन
By रुस्तम राणा | Updated: September 11, 2023 22:04 IST2023-09-11T22:04:46+5:302023-09-11T22:04:46+5:30
सचिन पायलट ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल लोगों को गुमराह करती है और सत्ता में आने के लिए धर्म की बात करती है।

राजस्थान: भाजपा के आरोपों के खिलाफ सचिन पायलट ने सीएम अशोक गहलोत का किया समर्थन
जयपुर: चुनावी राज्य राजस्थान में कानून-व्यवस्था पर भाजपा की आलोचना के बीच, कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी की सरकार ने अपराध की घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया दी है और स्थिति भाजपा शासित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से बेहतर है। सचिन पायलट ने केंद्र की भाजपा नीत सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल लोगों को गुमराह करती है और सत्ता में आने के लिए धर्म की बात करती है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं के बाद राजस्थान का दौरा नहीं करने के लिए रविवार को टोंक के निवाई में एक सार्वजनिक बैठक करने वाली कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर सवाल उठाने वाले भाजपा नेताओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, पायलट ने कहा कि विपक्षी दल कानून और व्यवस्था को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहा है। राजस्थान में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं।
सचिन पायलट ने दौसा में संवाददाताओं से कहा, "जब भी कोई घटना हुई है, कार्रवाई की गई है और आरोपियों को कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसी घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं, लेकिन हमने तुरंत कार्रवाई की है।"
उन्होंने कहा, "हम ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने की पूरी कोशिश करते हैं। अन्य राज्यों में क्या हो रहा है, यह भी देखना होगा। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में अपराध का ग्राफ ऊंचा है, लेकिन भाजपा नेता यहां एक मुद्दा बना रहे हैं क्योंकि विधानसभा चुनाव आ रहे हैं।"
पायलट ने कहा कि राजस्थान में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर हल्ला मचाने वाले बीजेपी नेता पिछले पांच साल से नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब उन्होंने लोगों को गुमराह करना शुरू कर दिया है क्योंकि चुनाव आने वाले हैं।
पायलट ने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जी20 रात्रिभोज में आमंत्रित किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, अगर खड़गे को आमंत्रित किया जाता, तो दुनिया देखती कि देश एकजुट है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को दिल्ली के भारत मंडपम में जी20 रात्रिभोज की मेजबानी की, जो विश्व नेताओं के जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन स्थल है।