लाइव न्यूज़ :

पंजाब कांग्रेस में मचा घमासान राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ‘चिंताजनक’: भाजपा

By भाषा | Updated: September 29, 2021 18:50 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 29 सितंबर पंजाब की सत्ताधारी कांग्रेस में मचे घमासान को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ‘‘चिंताजनक’’ करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि सीमा से सटा होने के कारण इस संवेदनशील राज्य में राजनीतिक स्थिरता अनिवार्य और महत्वपूर्ण है।

भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने पंजाब कांग्रेस में चल रही उठापटक पर कटाक्ष करते हुए इसे पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ‘‘असाधारण सफलता’’ बताया और आरोप लगाया कि देश का प्रमुख विपक्षी दल ‘‘अस्थिरता का पर्याय’’ बन गया है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष के पद से अचानक इस्तीफा देने के एक दिन बाद चुप्पी तोड़ते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को राज्य में पुलिस महानिदेशक, राज्य के महाधिवक्ता और ‘‘दागी’ नेताओं की नियुक्तियों पर सवाल उठाए।

सिद्धू ने ट्विटर पर चार मिनट का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘हक़-सच की लड़ाई (मैं) आखिरी दम तक लड़ता रहूंगा …।’’

राज्य कांग्रेस में मचे इस घमासान पर पात्रा ने कहा, ‘‘हम सभी देख रहे हैं कि पंजाब में स्थिति किस प्रकार की है। जो राजनीतिक सरगर्मियां पंजाब में चल रही हैं, वह वास्तव में चिंताजनक हैं। पंजाब एक सीमाई राज्य है और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए पंजाब की राजनीति में स्थिरता बहुत अनिवार्य और महत्वपूर्ण है।’’

पात्रा ने कहा कि जिस पंजाब राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में अमरिंदर सिंह की विदाई के बाद चरणजीत सिंह चन्नी की ताजपोशी को कांग्रेस की बड़ी ‘‘रणनीतिक चाल’’ बताया जा रहा था, उसी पंजाब में कांग्रेस नेतओं में सिरफुटव्वल मचा है।

उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री चन्नी और सिद्धू के बीच ‘‘महत्वाकांक्षा की लड़ाई ’’ चल रही है और कोई भी पंजाब या पंजाब की आकांक्षाओं के बारे में नहीं सोच रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इन सारे विषयों में एक बात सामने आती है और वह है राहुल गांधी की असाधारण असफलता।’’

पात्रा ने आरोप लगाया कि पंजाब के संकट से ध्यान भटकाने और राहुल गांधी की असफलता को छिपाने के लिए कांग्रेस पत्रकारों को निशाना बना रही है।

पात्रा ने किसी पत्रकार का नाम नहीं लिया लेकिन उनका इशारा एक समाचार चैनल की उस महिला एंकर की ओर था जिन्होंने एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए आपत्तिजनक शब्द का उपयोग किया था और जिनके खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। हालांकि बाद में उस पत्रकार ने अपनी टिप्पणी के लिए खेद जताया।

उन्होंने कहा कि एक महिला पत्रकार पर हमला हो रहा है और धमकी दी जा रही है। उन्होंने एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया और न्यूज ब्राडकास्टर्स एसोसिएशन (एनबीए) से निवेदन किया कि वह इस मामले को संज्ञान में ले।

पात्रा ने इस कड़ी में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस ट्वीट का हवाला दिया जिसमें उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल ना करने के लिए मीडिया को चेतावनी दी थी।

बघेल ने बुधवार को एक ट्वीट में कहा था, ‘‘कान खोलकर सुन लिया जाए। राहुल गांधी जी इस समय विपक्ष के प्रमुख नेता हैं। उनके बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग कांग्रेस कार्यकर्ता क़तई स्वीकार नहीं करेंगे। लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ का दायित्व निभा रहे हर मीडिया का पूर्ण सम्मान है। लेकिन मर्यादा नहीं भूलना चाहिए।’’

पात्रा ने उनके इस बयान की ‘‘घोर निंदा’’ करते हुए राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या यही है वह ‘‘प्रेम की राजनीति’’ जिसकी चर्चा वह अक्सर करते रहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘पत्रकार... मीडिया... को धमकाना क्या उचित है? क्या यही आपकी ‘प्रेम की राजनीति’ है? राहुल गांधी और कांग्रेस हमेशा कहते हैं कि हम सहिष्णुता की प्रतिमूर्ति हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटवनडे में सलामी बल्लेबाजों को छोड़कर बल्लेबाजी क्रम को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता, कोच गौतम गंभीर बोले- अलग-अलग भूमिका निभा रहा वॉशिंगटन सुंदर

भारतजब आग लगी तो ‘डांस फ्लोर’ पर मौजूद थे 100 लोग?, प्रत्यक्षदर्शी बोले- हर कोई एक-दूसरे को बचा रहा था और यहां-वहां कूद रहे थे, वीडियो

भारतडांस फ्लोर पर लगी आग..., कुछ ही पलों में पूरा क्लब आग की लपटों में घिरा, गोवा हादसे के चश्मदीद ने बताया

क्राइम अलर्टमां और पत्नी में रोज झगड़ा, तंग आकर 40 साल के बेटे राहुल ने 68 वर्षीय मां मधु की गर्दन रेती और थाने में किया आत्मसमर्पण

भारतगोवा के नाइट क्लब में भीषण आग, 25 लोगों की गई जान; जानें कैसे हुआ हादसा

भारत अधिक खबरें

भारतGoa Club Fire: नाइट क्लब अग्निकांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हुई, 4 पर्यटकों समेत 14 कर्मचारियों की मौत

भारतGoa Fire: गोवा नाइट क्लब आग मामले में पीएम ने सीएम सावंत से की बात, हालातों का लिया जायजा

भारतटीचर से लेकर बैंक तक पूरे देश में निकली 51,665 भर्तियां, 31 दिसंबर से पहले करें अप्लाई

भारतगोवा अग्निकांड पर पीएम मोदी और राष्ट्रपति ने जताया दुख, पीड़ितों के लिए मुआवजे का किया ऐलान

भारतGoa Fire Accident: अरपोरा नाइट क्लब में आग से 23 लोगों की मौत, घटनास्थल पर पहुंचे सीएम सावंत; जांच के दिए आदेश