रोहिणी अदालत गोलीबारी मामला: टिल्लू ताजपुरिया, नवीन बल्ली गिरफ्तार

By भाषा | Updated: October 7, 2021 13:21 IST2021-10-07T13:21:37+5:302021-10-07T13:21:37+5:30

Rohini court firing case: Tillu Tajpuria, Naveen Balli arrested | रोहिणी अदालत गोलीबारी मामला: टिल्लू ताजपुरिया, नवीन बल्ली गिरफ्तार

रोहिणी अदालत गोलीबारी मामला: टिल्लू ताजपुरिया, नवीन बल्ली गिरफ्तार

नयी दिल्ली, सात अक्टूबर दिल्ली की रोहिणी अदालत के एक कक्ष में गोलीबारी कर जितेंद्र गोगी की हत्या के मामले में गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया और नवीन बल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि अपराध शाखा ने पिछले महीने हुई घटना के कथित मुख्य साजिशकर्ता टिल्लू ताजपुरिया को गोगी की हत्या के सिलसिले में पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद जेल में बंद गैंगस्टर नवीन बल्ली को भी घटना के सिलसिले में मंगलवार को दो दिन की हिरासत में ले लिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, गोगी की हत्या की साजिश रचने में बल्ली भी शामिल था। उसके निर्देश पर ही उसका सहयोगी नवीन हुड्डा घटना वाले दिन वकील के वेश में एक नेपाली नागरिक को रोहिणी अदालत ले गया था ताकि वह अन्य हमलावारों राहुल और जग्गा के साथ शामिल हो जाए।

ताजपुरिया और बल्ली दोनों मंडोली कारागार की जेल नंबर 15 में बंद हैं। घटना में जेल में बंद गैंगस्टर सुनील राठी की भी भूमिका होने का शक है और वह भी जांच के दायरे में है।

मामले की शुरुआती जांच में पता चला है कि गोगी को मारने के निर्देश ताजपुरिया ने फोन पर दिया था। पुलिस ने बताया था कि ताजपुरिया फोन से हमलावरों के संपर्क में था और उन्हें निर्देश दे रहा था कि इस साजिश पर कैसे अमल करना है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया था कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने उमंग यादव और विनय को उत्तर पश्चिमी दिल्ली के हैदरपुर इलाके के एक फ्लैट से गोलीबारी के सिलसिले में गिरफ्तार किया था और बाद में उनकी हिरासत अपराध शाखा को सौंप दी गई थी जो मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि दो हमलावरों ने 24 सितंबर को रोहिणी अदालत में जितेंद्र गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों हमलावर मारे गए थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Rohini court firing case: Tillu Tajpuria, Naveen Balli arrested

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे