नगालैंड में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चट्टान गिरी, तीन लोग घायल
By भाषा | Updated: February 2, 2021 20:46 IST2021-02-02T20:46:32+5:302021-02-02T20:46:32+5:30

नगालैंड में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चट्टान गिरी, तीन लोग घायल
दीमापुर (नगालैंड), दो फरवरी नगालैंड में राष्ट्रीय राजमार्ग-29 पर चट्टानों के गिरने की वजह से मंगलवार को तीन लोग घायल हो गए और चार वाहनों को क्षति पहुंची है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह न्यू चुमुकडीमा गांव के निकट यह घटना हुई। राजमार्ग के दीमापुर-कोहिमा खंड पर चार लेन का निर्माण किया जा रहा है।
दीमापुर पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी टी रेला आई ने बताया कि इस घटना में घायल हुए लोगों की हालत स्थिर है। राजमार्ग-29 के इस खंड पर चार लेन बनाने का काम चल रहा है और इसकी वजह से पटकई पुल और कुकीडोलोंग के बीच कई बार चट्टानों के गिरने की घटना हो चुकी है।
एक परिपत्र में दीमापुर जिले के प्रशासन ने कहा कि चट्टानों के गिरने की घटनाओं के मद्देनजर एहतियात बरतते हुए पटकई पुल से कुकीडोलोंग के बीच अगले आदेश तक रास्ता बंद ही रहेगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।