मुंबई में लुटेरे ने की बुजुर्ग महिला की हत्या
By भाषा | Updated: July 3, 2021 11:54 IST2021-07-03T11:54:30+5:302021-07-03T11:54:30+5:30

मुंबई में लुटेरे ने की बुजुर्ग महिला की हत्या
मुंबई, तीन जुलाई दक्षिण मुंबई में एक अज्ञात बदमाश ने 65 वर्षीय एक महिला की उसके घर पर कथित रूप से हत्या कर दी और उसका कीमती सामान लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना जे जे मार्ग स्थित डायमंड कटर इमारत में बुधवार और बृहस्पतिवार रात हुई। अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की पहचान रेहाना सिद्दिकी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया, ‘‘घटना उस वक्त हुई जब सिद्दिकी अपने घर पर अकेली थीं। आरोपी उनके फ्लैट में घुसा और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी और फिर वह उनके जेवर, दो मोबाइल फोन तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया।’’
पीड़िता की 37 वर्षीय बेटी घटना की सूचना मिलने के बाद जब बृहस्पतिवार दोपहर मौके पर पहुंची तो उसने वहां अपनी मां को मृत पाया। पीड़िता की बेटी पेशे से जिम प्रशिक्षक हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिद्दिकी की बेटी ने जे जे मार्ग पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करायी, जिसके बाद हत्या और लूटपाट का मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले में जांच जारी है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।