झारखंड से आए राजद कार्यकर्ताओं ने पटना में लालू-राबड़ी आवास के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन
By एस पी सिन्हा | Updated: August 12, 2024 20:10 IST2024-08-12T20:10:15+5:302024-08-12T20:10:19+5:30
लालू-राबड़ी आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग थी कि पार्टी आला कमान प्रदेश अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाकर नए व्यक्ति को इसकी जिम्मेवारी दे।

झारखंड से आए राजद कार्यकर्ताओं ने पटना में लालू-राबड़ी आवास के बाहर किया जोरदार प्रदर्शन
पटना: झारखंड में अगले दो महीने में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से ठीक पहले झारखंड राजद में विरोध शुरू हो गया है। पार्टी के कार्यकर्ताओं का बड़ा तबका प्रदेश अध्यक्ष संजय यादव के विरोध में उतर आया है और उन्हें हटाने की मांग शुरु हो गई है। स्थिति यह है कि सोमवार की सुबह झारखंड राजद के कार्यकर्ता पटना स्थित राबड़ी आवास पहुंच गए। झारखंड के राजद कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव पार्टी को कमजोर कर रहे हैं।
लालू-राबड़ी आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं की मांग थी कि पार्टी आला कमान प्रदेश अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाकर नए व्यक्ति को इसकी जिम्मेवारी दे। उनका आरोप था कि संजय यादव पार्टी को डूबाने पर तुले हुए हैं। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि झारखंड चुनाव में पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि 22 सीटों पर तैयारी कर रखी है। यह वह 22 सीट हैं, जो राजद झारखंड के अंदर जीत सकती है। लेकिन जो हालात झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष ने बना रखा है ऐसे में एक सीट भी जीत पाना मुश्किल है। बता दें झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ राजद भी सरकार में है। झारखंड विधानसभा चुनावों में अब दो महीने बाकी हैं और सभी राजनीतिक दल चुनावी समीकरण को मजबूत करने में लगे हैं। लेकिन हाल ही में झारखंड राजद में कुछ समस्याएं सामने आई हैं।