ऋषि कपूर का निधनः PM मोदी ने ट्वीट कर जताया शोक, कहा- आज बहुत दुखी हूं, वह प्रतिभा के पावरहाउस थे
By रामदीप मिश्रा | Updated: April 30, 2020 14:00 IST2020-04-30T11:37:37+5:302020-04-30T14:00:16+5:30
ऋषि कपूर का मुम्बई के एक अस्पताल में गुरुवार को निधन हो गया। तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार को उन्हें एच. एन. रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमेरिका में करीब एक साल तक कैंसर का इलाज कराने के बाद वह पिछले साल सितम्बर में भारत लौटे थे।

ऋषि कपूर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। (फाइल फोटो)
नई दिल्लीः बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर का मुम्बई के एक अस्पताल में गुरुवार को निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। कपूर लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। उनके निधन के बाद बॉलीवुड से लेकर हर कोई शोक में डूब गया है। इस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है।
पीएम ने ट्वीट कर कहा है, 'ऋषि कपूर बहुआयामी, प्रिय और जीवंत थे। वह प्रतिभा का पावरहाउस थे। मैं हमेशा सोशल मीडिया पर हुई उनसे अपनी बातचीत को याद करूंगा। वह फिल्मों और भारत की प्रगति के बारे में उत्साहित रहते थे। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ॐ शांति।'
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है। उनके सदाबहार और प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व तथा ऊर्जा के कारण यह विश्वास करना मुश्किल है कि वे नहीं रहे। उनका निधन सिने जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।'
ऋषि कपूर के असामयिक निधन से गहरा दुःख हुआ है। उनके सदाबहार और प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व तथा ऊर्जा के कारण यह विश्वास करना मुश्किल है कि वे नहीं रहे। उनका निधन सिने जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं।
— President of India (@rashtrapatibhvn) April 30, 2020
वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अभिनेता ऋषि कपूर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि वह हर पीढ़ी के लोगों के बीच लोकप्रिय थे और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। गांधी ने ट्वीट किया, 'यह भारतीय सिनेमा के लिए दुखद सप्ताह रहा है। एक और बड़े अभिनेता ऋषि कपूर का निधन हो गया। वह एक शानदार अभिनेता थे जिनकी हर पीढ़ी के लोगों में लोकप्रियता थी। उनकी कमी बहुत महसूस की जाएगी। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदना है।'
Multifaceted, endearing and lively...this was Rishi Kapoor Ji. He was a powerhouse of talent. I will always recall our interactions, even on social media. He was passionate about films and India’s progress. Anguished by his demise. Condolences to his family and fans. Om Shanti.
— Narendra Modi (@narendramodi) April 30, 2020
आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने लिखा है, 'रोमांटिक फ़िल्मों के अद्भुत कलाकार ऋषि कपूर जी हमारे बीच नही रहे लेकिन 'मेरा नाम जोकर' से लेकर '102 नाट आउट' तक उनका शानदार अभिनय हमेशा ज़िंदा रहेगा ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने चरणो में स्थान प्रदान करे और उनके परिवार को यह कष्ट सहन करने की शक्ति दे।'
राजनाथ सिंह ने लिखा, 'जाने माने फिल्म अभिनेता ऋषि कपूर के निधन हो गया है। उन्होंने अपने अनमोल अंदाज और अदाकारी से अपने प्रशंसकों के दिलों में खास जगह बनाई। दुख की इस घड़ी में मेरे विचार उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति।'
उपराष्ट्रपति वैंकया नायडू ने कहा, 'दिग्गज हिंदी फिल्म अभिनेता, श्री ऋषि कपूर के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। प्रतिभावान अभिनेता ने कई भूमिकाओं पर निबंध लिखे और अपनी रोमांटिक फिल्मों के लिए लोकप्रिय रहे। उनके निधन में, राष्ट्र ने एक प्यारा बेटा खो दिया और फिल्म उद्योग ने एक रत्न खो दिया।'
तबीयत बिगड़ने के बाद बुधवार को उन्हें एच. एन. रिलायंस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमेरिका में करीब एक साल तक कैंसर का इलाज कराने के बाद वह पिछले साल सितम्बर में भारत लौटे थे। फरवरी में भी तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें दो बार अस्पताल में भर्ती कराया गया था।