झरने में कूदकर आत्महत्या के प्रयास करने वाली महिला को बचाया।
By भाषा | Updated: June 23, 2021 22:09 IST2021-06-23T22:09:11+5:302021-06-23T22:09:11+5:30

झरने में कूदकर आत्महत्या के प्रयास करने वाली महिला को बचाया।
महू (मप्र) 23 जून मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में महू कस्बे के पास बुधवार को 30 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या करने के प्रयास में झरने में छलांग लगा दी। महिला को घायल अवस्था में उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
बड़गोंदा थाने के प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह बैस ने बताया कि महू की यह महिला मुंबई के एक बैंक में काम करती है और वह सुबह करीब 11 बजे पातालपानी झरने में कूद गई।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने महिला को बचा लिया। महिला को पहले महू के सिविल अस्पताल लाया गया। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिये इंदौर रेफर किया गया।
बैस ने बताया कि खाई में कूदने के बाद महिला चट्टानों में फंस गई, बाद में पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया।
अधिकारी ने बताया कि महिला द्वारा आत्महत्या के प्रयास का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है क्योंकि वह घायल हो गई है और फिलहाल बात करने की स्थिति में नहीं है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।