लाइव न्यूज़ :

देशभर में मनाया गया गणतंत्र दिवस, पूर्वोत्तर में नागरिकता विधेयक पर बहिष्कार

By भाषा | Updated: January 26, 2019 20:21 IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मौके पर अपने भाषण में शहरी इलाकों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के युवाओं को हर साल 100 दिन का रोजगार देने की योजना शुरू करने की घोषणा की।

Open in App

गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित रंगारंग परेड के दौरान निकली मनमोहक झांकियों में राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहरों और विकास यात्रा की झलक देखने को मिली। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त के बीच समारोह आयोजित किये गए। हालांकि पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में कुछ संगठनों द्वारा नागरिकता विधेयक के विरोध चलते बहिष्कार के आह्वान से समारोहों पर असर पड़ा।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस मौके पर अपने भाषण में शहरी इलाकों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के युवाओं को हर साल 100 दिन का रोजगार देने की योजना शुरू करने की घोषणा की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में इस अवसर पर घोषणा की कि किसानों की लगभग 15 वर्षों से लम्बित सिंचाई कर की बकाया राशि को मिलाकर अक्टूबर, 2018 तक सिंचाई कर की 207 करोड़ रूपए की बकाया राशि भी माफ की जाएगी।

झारखंड की राज्यपाल द्रोपदी मुर्मू ने राज्य में और अधिक निवेश व रोजगार सृजन के लिए उद्योगों के अनुकूल माहौल बनाने को लेकर सरकार की सराहना की। 

पूर्वोत्तर में नागरिकता विधेयक पर बहिष्कार

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने राज्य में गणतंत्र दिवस समारोहों का बहिष्कार करने वाले संगठनों से नाराजगी जताई। संगठनों ने नागरिकता विधेयक के खिलाफ समारोहों का बहिष्कार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संगठनों को इसके बजाय जनादेश हासिल करने के लिए चुनाव में उतरना चाहिए।

मणिपुर राइफल्स परेड ग्राउंड में सिंह ने हालांकि कहा अगर विधेयक राज्य की जनता के हितों को नुकसान पहुंचाएगा तो राज्य सरकार चुप नहीं बैठेगी।

मिजोरम के राज्यपाल कुम्मानम राजशेखरन ने 70वें गणतंत्र दिवस पर लगभग खाली पड़े मैदान में अपना संबोधन दिया।

दरअसल नागरिक (संशोधन) विधेयक के विरोध में संगठनों ने गणतंत्र दिवस के राज्यव्यापी बहिष्कार की घोषणा की थी जिसके बाद शनिवार को राष्ट्रीय पर्व में लोग शामिल नहीं हुए।

पुलिस ने बताया कि इस कार्यक्रम में आम लोग शामिल नहीं हुए। केवल मंत्री, विधायक और उच्च अधिकारियों ने ही इसमें शिरकत की। 

कार्यकम के बहिष्कार का आह्वान स्वयं सेवी संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी ने किया था। यह नागरिक समाज एवं छात्र इकाइयों का संगठन है।

अलगाववादी समूहों की हड़ताल के कारण कश्मीर में शनिवार को आम जनजीवन प्रभावित हुआ। अलगाववादी समूहों ने लोगों से गणतंत्र दिवस को ‘‘काला दिवस’’ के रूप में मनाने के लिए कहा था।

अधिकारियों ने बताया कि घाटी के प्रमुख शहरों से बंद की खबरें मिली हैं। हालांकि गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

कश्मीर मुद्दे का जल्द समाधान किये जाने की मांग को लेकर अलगाववादियों ने 26 जनवरी को ‘‘काला दिवस’’ के रूप में मनाने का आह्वान किया था।

जम्मू कश्मीर में इंटरनेट हुआ बंद 

जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने जम्मू यूनिवर्सिटी स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

उन्होंने इस मौके पर कहा कि उग्रवाद प्रभावित कश्मीर घाटी एक बार फिर ‘पृथ्वी पर स्वर्ग’ बनेगी जैसा कि एक बार मुगल शासक जहांगीर ने कहा था।

मलिक ने कहा कि घाटी की खोई हुई गरिमा को बहाल करने के लिए सभी वर्गों के लोगों को समर्थन और योगदान देना होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपको आश्वासन देता हूं कि जब तक राज्य में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गयी सरकार वापस नहीं आती, यह प्रक्रिया चलती रहेगी। मैं आपको फिर आश्वस्त करुंगा कि सरकर मिशन गुड गवर्नेंस और मिशन डिलिवरिंग डवलपमेंट पर काम करती रहेगी।’’ 

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने शनिवार को जम्मू में अपने सभी केंद्रों पर गणतंत्र दिवस मनाया। इस मौके पर बल ने अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा की सुरक्षा और शुचिता बनाये रचखने के लिए काम करते रहने का संकल्प लिया।

बीएसएफ के महानिरीक्षक एन एस जामवाल ने यहां सीमांत मुख्यालय में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने पणजी में आयोजित समारोह में कहा कि राज्य में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है और पिछले एक वर्ष में अपराध दर 8.26 प्रतिशत तक गिरी है।

मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया ध्वजारोहण 

मध्य प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यहां लाल परेड मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की नई सरकार गांवों से शहरों की ओर तेजी से हो रहे पलायन को रोकने का काम करेगी और साथ ही भ्रष्टाचार, अपराध, महिलाओं के साथ दुराचार एवं बच्चों की गुमशुदगी जैसे अनेक क्षेत्रों में राज्य की आज की स्थिति को बदलेगी।

तमिलनाडु के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने 70वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शनिवार को चेन्नई में मरीना में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

पटना में बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन ने कहा कि 'कानून का राज' स्थापित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होने के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ 'जीरो टालरेंस' की नीति पर राज्य सरकार की मुहिम जारी है ।

ऐतिहासिक गांधी मैदान में 70वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद अपने संबोधन में टंडन ने कहा कि बिहार में 'कानून का राज' स्थापित रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है । 

इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी एवं बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारून रशीद सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे ।

त्रिपुरा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने परिवहन मार्गों के विकास के लिए पड़ोसी देश बांग्लादेश के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों की जरूरत पर शनिवार को जोर दिया। 

सोलंकी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद अगरतला में असम राइफल्स ग्राउंड में 70वें गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में कहा कि राज्य को व्यापार केंद्र बनाने के लिए बांग्लादेश एवं त्रिपुरा के बीच एक नया जलमार्ग बनाया जा रहा है। 

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल ई एस एल नरसिम्हन ने कहा कि केंद्र के “शत्रुतापूर्ण बर्ताव” और प्रतिकूल माहौल के बावजूद राज्य विकास एवं सुशासन तथा लोगों की खुशहाली के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने के देश के प्रयासों की अगुवाई करने के वास्ते तैयार है। राज्यपाल ई एस एल नरसिम्हन ने गणतंत्र दिवस के मौके पर अमरावती के इंदिरा गांधी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद लोगों को संबोधित किया। 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि उनकी सरकार किसानों के बकाया सिंचाई कर को माफ करेगी।

मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के पुलिस परेड मैदान में गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। 

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे ओडिशा में शनिवार को गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जोर देते हुये कहा कि गरीब का विकास, कल्याण और सभी वर्गों का सशक्तीकरण राज्य की पहचान बन गया है।

कटक में बाराबती स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

पंजाब, हरियाणा और केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देश का 70 वां गणतंत्र दिवस मनाया गया।

पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वी पी सिंह बदनौर ने होशियारपुर में राज्य स्तरीय एक कार्यक्रम में ध्वजारोहण किया।

हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने पंचकूला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने पटियाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भिवानी में तिरंगा फहराया।

कर्नाटक के राज्यपाल वजुभाई वाला ने बेंगलुरू में ऐतिहासिक मानेकशॉ परेड मैदान में तिरंगा फहराने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुये कृषि रिण माफी योजना और ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल परियोजना सहित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।

देश के 70 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शनिवार को समूचे उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया और समारोहों का आयोजन किया गया।

मुख्य कार्यक्रम का आयोजन राज्य की राजधानी देहरादून के परेड मैदान में किया गया, जहां राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने राष्ट्र ध्वज फहराया और पुलिस तथा अर्द्धसैनिक बलों की पारंपरिक सलामी ली। 

इससे पहले राज्यपाल ने राजभवन में भी ध्वजारोहण किया। 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने आधिकारिक आवास पर ध्वजारोहण किया। 

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और कमांडर मेजर विक्रम देव सिंह के नेतृत्व में निकाले गये मार्च पास्ट की सलामी ली।

इस मौके पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित थे।

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) डॉ. बी डी मिश्रा ने शनिवार को देश के 70वें गणतंत्र दिवस पर राज्य के लोगों से कहा कि केवल व्यक्तिगत लाभ के विचार को छोड़ राज्य के विकास की दिशा में काम करें।

इंदिरा गांधी पार्क में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण करते हुए राज्यपाल ने लोगों से सर्वांगीण विकास के राज्य सरकार के एजेंडा के साथ सहयोग करने की अपील की।

 

टॅग्स :गणतंत्र दिवस
Open in App

संबंधित खबरें

भारतमोलड़बंद स्कूल नंबर-2 में मनाया गया वार्षिकोत्सव

भारतBeating Retreat: 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी, जानें 'बीटिंग रीट्रीट' सेरेमनी के बारे में

भारतDelhi: बीटिंग रिट्रीट के फुल ड्रेस रिहर्सल आज, दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, इन रास्तों पर जाने से मनाही

नई रिलीज़म‍िस्‍टर ज‍िन्‍ना-अमर रहे..: बिहार के सुपौल जिले में एक सरकारी स्कूल में गणतंत्र दिवस के मौके पर एक शिक्षक ने लगाए जिन्ना जिंदाबाद के नारे, गिरफ्तार

भारत77th Republic Day: अर्जुन टैंक से लेकर ब्रह्मोस मिसाइलों तक, भारत ने कर्तव्य पथ पर अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन किया

भारत अधिक खबरें

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया

भारतबिहार में CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सीएम बनाने की मांग को लेकर महिलाओं ने शुरू किया सत्याग्रह

भारतयूपी में स्थापना दिवस के जरिए लोगों के घर-घर पहुंचेगी भाजपा, लोगों को PM मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां बताएँगे पार्टी पदाधिकारी

भारतWATCH: बिहार के सारण जिले में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष का एक लड़की के साथ अश्लील वीडियो वायरल, दोनों आपत्तिजनक अवस्था में थे खेत में एक लड़की नेता के पीछे भाग रही है

भारतबिहार में सत्ता हस्तांतरण को लेकर सियासी हलचल हुई तेज, 12 अप्रैल को नीतीश कुमार दे सकते हैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भाजपा में मुख्यमंत्री को लेकर जारी है मंथन