ओडिशा के समुद्र तट पर संकटग्रस्त व्हेल का अवशेष मिला
By भाषा | Updated: December 10, 2021 21:18 IST2021-12-10T21:18:15+5:302021-12-10T21:18:15+5:30

ओडिशा के समुद्र तट पर संकटग्रस्त व्हेल का अवशेष मिला
बेरहामपुर (ओडिशा), 10 दिसंबर ओडिशा के पुरी और गंजम जिले की सीमा पर समुद्र के किनारे संकटग्रस्त ब्राइडे व्हेल का अवशेष मिला है। अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रेंज अधिकारी नरसिंह बेहरा ने बताया कि 48 फीट लंबी मादा व्हेल के अवशेष को पोस्टमॉर्टम के बाद शुक्रवार को तट के नजदीक ही दफना दिया गया। उन्होंने बताया कि मौत की वजह का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
स्थानीय मछुआरा समुदाय ने बताया कि उन्होंने पाया कि दो व्हेल- एक नर और दूसरी मादा- बुधवार शाम को तट पर हैं और ऐसा लगता है कि अवशेष मादा का है जो जलस्तर कम होने की वजह से फंस गई थी।
व्हेल का अवशेष बृहस्पतिवार को तट पर मिला और अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को स्थानीय लोगों के हुजूम को नियंत्रित करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी जो उसे देखने के लिए एकत्र हुए थे।
जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के अंतर्गत गोपालपुर स्थित एश्चुरी बायोलॉजी रीजनल सेंटर के प्रभारी अनिल महापात्रा ने बताया कि वन विभाग से अनुंसधान के लिए व्हेल की हड्डियों को संग्राहालय में संरक्षित करने के लिए अनुरोध किया जाएगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।