नीतीश कुमार के करीबी आरसीपी सिंह बने जदयू के नये अध्यक्ष
By भाषा | Updated: December 28, 2020 00:13 IST2020-12-28T00:13:12+5:302020-12-28T00:13:12+5:30

नीतीश कुमार के करीबी आरसीपी सिंह बने जदयू के नये अध्यक्ष
पटना, 27 दिसंबर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी विश्वासपात्र आरसीपी सिंह को रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) का नया अध्यक्ष चुन लिया गया।
एक वरिष्ठ नेता ने पीटीआई-भाषा को बताया कि कुमार ने पार्टी के शीर्ष पद के लिए सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान अन्य सदस्यों ने अनुमोदन किया।
2019 में तीन वर्ष के लिए जदयू के फिर से अध्यक्ष चुने गए मुख्यमंत्री कुमार ने राज्यसभा में अपने नेता सिंह के लिए अपना पद त्याग दिया।
नौकरशाह से राजनेता बने सिंह अब तक क्षेत्रीय पार्टी के महासचिव थे।
अरुणाचल प्रदेश में जदयू के सात में से छह विधायकों के भाजपा में चले जाने के बाद देश की राजनीतिक स्थिति से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के लिए पार्टी अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित कर रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।