'जब तक 30 रुपये का झंडा नहीं लोगे राशन नहीं मिलेगा', सपा ने वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर लगाया आरोप
By शिवेंद्र राय | Updated: August 13, 2022 16:03 IST2022-08-13T16:01:29+5:302022-08-13T16:03:46+5:30
समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर भाजपा सरकार पर लोगों को जबरदस्ती तिरंगा बेचने का आरोप लगाया है। सपा ने कहा है कि भाजपा सरकार में गरीब लोगों को जबरदस्ती झंडा खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

सपा ने शेयर किया सरकारी राशन की दुकान का वीडियो
नई दिल्ली: आजादी के 75 साल पूरे होने पर सरकार द्वारा देश भर में हर घर तिरंगा अभियान मनाया जा रहा है। केंद्र सरकार ने 20 करोड़ परिवारों को तिरंगा बांटने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि 13 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराएं। उत्तर प्रदेश सरकार भी प्रधानमंत्री की अपील को सफल बनाने में जुटी हुई है। इस बीच समाजवादी पार्टी ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है और आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार में गरीब लोगों को जबरदस्ती झंडा खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
भाजपा सरकार में सरकारी सस्ते गल्ले की राशन दुकान से जब तक 30 रूपये का झंडा नहीं लोगे राशन नहीं मिलेगा👇
— SamajwadiPartyMedia (@MediaCellSP) August 13, 2022
जनता में राष्ट्रभावना जगाने की ये कौन सी जबरदस्ती है भाई ?
या जबरन झंडा खरीदने/बेचने के बहाने/पीछे इस बार भाजपा सरकार का किसी कपड़ा उद्योगपति को फायदा पहुंचाने का प्लान है ? pic.twitter.com/1nS3OzIv4R
ट्वीटर पर वीडियो शेयर कर सपा ने कहा, भाजपा सरकार में सरकारी सस्ते गल्ले की राशन दुकान से जब तक 30 रुपये का झंडा नहीं लोगे राशन नहीं मिलेगा। जनता में राष्ट्रभावना जगाने की ये कौन सी जबरदस्ती है भाई ? या जबरन झंडा खरीदने/बेचने के बहाने इस बार भाजपा सरकार का किसी कपड़ा उद्योगपति को फायदा पहुंचाने का प्लान है ?
अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति साईकल पर सरकारी राशन की दुकान से राशन ले जा रहा है। उसके पास एक तिरंगा भी है। वीडियो बना रहे व्यक्ति के पूछने पर शख्स बताता है कि गल्ले की दुकान पर तिरंगा 30 रुपये में दिया जा रहा है। साथ ही राशन ले जा रहा व्यक्ति यह भी बताता है कि जब तक 30 रुपये में तिरंगा नहीं खरीदा जाए, तब तब तक राशन नहीं मिल रहा है। समाजावादी पार्टी अब वीडियो के साझा करके भाजपा सरकार पर हमलावर है। हालांकि यह साफ नहीं हुआ है कि यह वीडियो कहां का है।
बता दें कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है। भाजपा के नेताओं ने आज सुबह ही अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां ने भी इस अभियान में हिस्सा लिया और बच्चों को तिरंगा बांटा। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान शुरू करने के पीछे का उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना का आह्वान करना और अपने राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जागरूकता को प्रोत्साहित करना है।