रास उपचुनाव : महाराष्ट्र से कांग्रेस की रजनी पाटिल व भाजपा के संजय उपाध्याय ने नामांकन दाखिल किया

By भाषा | Updated: September 22, 2021 19:59 IST2021-09-22T19:59:53+5:302021-09-22T19:59:53+5:30

Ras by-election: Rajni Patil of Congress and Sanjay Upadhyay of BJP filed nominations from Maharashtra | रास उपचुनाव : महाराष्ट्र से कांग्रेस की रजनी पाटिल व भाजपा के संजय उपाध्याय ने नामांकन दाखिल किया

रास उपचुनाव : महाराष्ट्र से कांग्रेस की रजनी पाटिल व भाजपा के संजय उपाध्याय ने नामांकन दाखिल किया

मुंबई, 22 सितंबर महाराष्ट्र से राज्यसभा की एक सीट के लिए अगले महीने होने वाले उप चुनाव के वास्ते कांग्रेस उम्मीदवार रजनी पाटिल और भाजपा प्रत्याशी संजय उपाध्याय ने बुधवार को अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य राजीव सातव के निधन की वजह से इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है।

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के रहने वाले कांग्रेस नेता सातव का इस साल मई में कोविड बाद की जटिलताओं के कारण निधन हो गया था। उनका कार्यकाल दो अप्रैल 2026 तक था।

पाटिल (62) फिलहाल जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस के पार्टी मामलों की प्रभारी हैं। नामांकन दाखिल करने के समय कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और शिवसेना के वरिष्ठ नेता उनके साथ थे। ये तीनों दल महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा हैं।

उपाध्याय (48) वैसे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं, लेकिन कई सालों से मुंबई में रह रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्हें पाटिल के खिलाफ उतारने का फैसला किया है। वह भाजपा की मुंबई इकाई के महासचिव हैं।

राज्यसभा सीट के लिए मतदान चार अक्टूबर को होगा और उसी दिन वोटों की गिनती होगी। उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 22 सितंबर थी। 23 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 27 सितंबर है।

महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास सबसे ज्यादा 106 विधायक हैं। इसके बाद शिवसेना के 56, राकांपा के 53, कांग्रेस के 43, बहुजन विकास आघाड़ी के तीन, समाजवादी पार्टी के दो, अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के दो, पालघर जनशक्ति पार्टी के दो, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, माकपा, स्वाभिमानी पार्टी, क्रांतिकारी शेतकारी पार्टी के एक-एक सदस्य हैं जबकि 13 निर्दलीय विधायक हैं। कांग्रेस विधायक रावसाहेब अंतापुरकर के निधन की वजह से एक सीट रिक्त है।

चार अक्टूबर को तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी और मध्य प्रदेश की छह अन्य राज्यसभा सीटों के साथ यह उपचुनाव होगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Ras by-election: Rajni Patil of Congress and Sanjay Upadhyay of BJP filed nominations from Maharashtra

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे