लाइव न्यूज़ :

लोजपा में रार: चिराग ने पांच सांसदों को निष्कासित किया, पारस गुट ने उन्हें अध्यक्ष पद से हटाया

By भाषा | Updated: June 15, 2021 22:31 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 15 जून लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के चिराग पासवान और पशुपति कुमार पारस की अगुवाई वाले दो धड़ों ने मंगलवार को पार्टी पर नियंत्रण के लिए कोशिशें तेज कर दीं, जहां पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पांच असंतुष्ट सांसदों को निष्कासित करने का दावा किया गया, वहीं पारस नीत गुट ने चिराग को पार्टी अध्यक्ष पद से हटा दिया।

अपने चाचा पारस द्वारा पांच सांसदों की मदद से लोकसभा में पार्टी के नेता पद से हटाये जाने के बाद पहली प्रतिक्रिया में चिराग पासवान ने पार्टी की तुलना एक मां से करते हुए कहा कि इसके साथ ‘‘विश्वासघात’’ नहीं किया जाना चाहिए।

चिराग ने ट्विटर पर एक पत्र भी साझा किया जो उन्होंने 29 मार्च को अपने पिता रामविलास पासवान के सबसे छोटे भाई पारस को लिखा था और जिसमें उन्होंने अपने चाचा से दिवंगत लोजपा संस्थापक के विचारों के अनुसार पार्टी को चलाने की बात कही।

चिराग के पिता और लोजपा संस्थापक रामविलास पासवान के निधन के महज आठ महीने बाद पार्टी में विभाजन के संकेतों के बीच दोनों धड़े पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहे हैं और दोनों ही खुद को पार्टी का कर्ताधर्ता दर्शाने का प्रयास भी कर रहे हैं।

लोजपा के छह लोकसभा सदस्यों में से पांच के पारस खेमे में जाने के साथ ही चिराग की अगुवाई वाले समूह ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की डिजिटल बैठक आयोजित की जिसमें पार्टी के 76 में से 41 सदस्य उपस्थित थे। यह जानकारी पार्टी की बिहार इकाई के कार्यवाहक अध्यक्ष राजू तिवारी ने दी।

तिवारी ने संवाददाताओं को बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से पांचों सांसदों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए लोजपा से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बैठक आनन-फानन में बुलाई गयी। तिवारी ने दावा किया कि कई अन्य सदस्यों ने भी इस फैसले को समर्थन जताया है और चिराग पासवान के नेतृत्व पर भरोसा व्यक्त किया है।

दूसरी तरफ पारस नीत गुट ने भी दावा किया कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक आपात बैठक में जमुई से सांसद चिराग पासवान को ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के अनुसार पार्टी के अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला हुआ है। हालांकि यह नहीं बताया गया कि बैठक में कितने सदस्यों ने भाग लिया।

पारस ने लोकसभा अध्यक्ष द्वारा उन्हें सदन में पार्टी के नेता के तौर पर मान्यता दिये जाने के बाद चिराग पासवान की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्हें और चार अन्य सांसदों को निष्कासित करने के फैसले को हास्यास्पद बताया।

उन्होंने दावा किया कि उनके खेमे द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी का फैसला लोजपा के ‘एक व्यक्ति, एक पद’ के सिद्धांत के अनुरूप है। उन्होंने अपने भतीजे को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाने के अपने फैसले की वैधता को दोहराया। पारस ने कहा कि नये अध्यक्ष के चुनाव के लिए पांच दिन में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाई जाएगी।

चिराग पासवान बुधवार को संवाददाताओं को संबोधित कर सकते हैं और पार्टी पर नियंत्रण की यह लड़ाई जल्द निर्वाचन आयोग तक पहुंच सकती है। लोकसभा सचिवालय ने सदन में पार्टी के नेता के रूप में पारस को मान्यता दी है।

चिराग ने एक ट्वीट में कहा कि उन्होंने अपने पिता और परिवार द्वारा स्थापित पार्टी को एकजुट रखने के प्रयास किये लेकिन वह विफल रहे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है। चिराग ने पार्टी में भरोसा जताने वालों का आभार भी जताया।

पारस को लिखे पत्र में चिराग ने अनेक मुद्दों पर अपने चाचा की नाखुशी को उजागर किया है जिसमें उनका पार्टी अध्यक्ष होना भी शामिल है।

चिराग के करीबी सूत्रों ने कहा कि उन्हें लगता है कि इस विभाजन के पीछे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का दिमाग हो सकता है क्योंकि वह 2020 के विधानसभा चुनावों में जदयू के खिलाफ लोजपा के तीखे प्रचार के बाद वह लोजपा अध्यक्ष को राजनीतिक रूप से कमजोर कर देना चाहते हैं।

चिराग ने चाचा को लिखे पत्र को साझा करके यह दर्शाना चाहा है कि पारस के व्यवहार ने उनके पिता को उस समय आहत किया था जब वह अस्वस्थ थे। उन्होंने लिखा कि जब चचेरे भाई प्रिंस राज को कथित तौर पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाकर ब्लैकमेल करने का प्रयास किया तो पारस ने तो इसकी अनदेखी की थी लेकिन उन्होंने ही राज को पुलिस के पास जाने की सलाह दी थी। हालांकि प्रिंस ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। वह भी लोजपा के सांसद हैं और पारस खेमे में हैं।

भाजपा ने पूरे घटनाक्रम पर चुप्पी साध रखी है जिसके नेतृत्व वाले राजग में लोजपा और जदयू दोनों शामिल हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतAssembly Elections 2026: असम में 85.65% में मतदाताओं की भागीदारी, केरल में 78.24%, तो पुडुचेरी में 89.08% रही वोटिंग

भारतअपने जन्मदिन से पहले, अनंत अंबानी ने गुजरात के सालंगपुर मंदिर स्थित गौशाला को दान किए ₹10 करोड़

विश्वईरान ने US के साथ हुए सीज़फ़ायर समझौते के तहत स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से जहाज़ों के गुज़रने की सीमा रोज़ाना 15 जहाज़ों तक तय की

कारोबारसावधानीपूर्वक निवेश से ठोस संपत्ति की ओर: निश्चित आय वालों का भूखंड की ओर बढ़ता रुझान

क्रिकेटKKR vs LSG: विवादित कैच, बाउंड्री रोप से दिग्विजय राठी का पैर छूने के बावजूद फिन एलन को दिया गया आउट, WATCH

भारत अधिक खबरें

भारतपरिसीमन 2026: ‘I-YUVA फॉर्मूला’ के साथ संतुलित लोकतंत्र की नई दिशा

भारतAssembly Elections 2026: असम में 84.42% मतदान दर्ज, केरल, पुडुचेरी में जानें शाम 5 बजे तक मतदान का रुझान

भारतKerala Elections 2026: केरलम में 140 सीटों पर मतदान संपन्न, शाम 5 बजे तक 75% वोटिंग

भारतपिता अजीत पवार की गुलाबी जैकेट पहनकर पार्थ पवार ने राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ली, वीडियो

भारतVIDEO: 'क्या आपकी लैंग्वेज अनपार्लियामेंट हो गई है?' ये सवाल पूछे जाने पर हिमंत बिस्वा सरमा ने 'लल्लनटॉप' के रिपोर्टर को झाड़ा, दोनों के बीच हुई बहस