रंगासामी ने मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दिया, 27 जून को नये मंत्रियों को शामिल किया जाएगा
By भाषा | Updated: June 23, 2021 22:38 IST2021-06-23T22:38:12+5:302021-06-23T22:38:12+5:30

रंगासामी ने मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दिया, 27 जून को नये मंत्रियों को शामिल किया जाएगा
पुडुचेरी, 23 जून पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो विधायकों समेत उनके मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने वाले सदस्यों की सूची उपराज्यपाल तमिलीसाई सुंदरराजन को बुधवार को सौंपी और इसी के साथ केंद्रशासित प्रदेश में कैबिनेट गठन को अंतिम रूप प्रदान किया गया।
सुंदरराजन ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी के लिए सूची भेजी गयी है और कैबिनेट विस्तार 27 जून को होगा। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मंत्रालय की ओर से जल्द ही मंजूरी प्राप्त हो जाएगी, इसके बाद 27 जून को रंगासामी नीत मंत्रिमंडल में नये मंत्रियों को शामिल किया जाएगा।’’
इससे पहले आज दिन में रंगासामी ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने वाले विधायकों की सूची सुंदरराजन को सौंपी। अब यह छह सदस्यीय मंत्रिमंडल होगा जिसमें मुख्यमंत्री समेत चार सदस्य एआईएनआरसी के होंगे और दो विधायक भाजपा के होंगे।
सूची में तीन विधायक एनआईएनआरसी से हैं और दो भाजपा से हैं। मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तावित नये मंत्रियों के नाम तत्काल पता नहीं चल सके।
केंद्रशासित प्रदेश में छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में एआईएनआरसी नीत राजग ने जीत हासिल की और सरकार बनाई। भाजपा ने शुरुआत में मांग की थी कि उसके एक विधायक को उपमुख्यमंत्री बनाया जाए, लेकिन बाद में विधानसभा अध्यक्ष के पद पर सहमति बन गई। इसी कारण कैबिनेट गठन की प्रक्रिया में देरी हुई।
अपने गठबंधन को जीत दिलाने के तुरंत बाद एआईएनआरसी के संस्थापक रंगासामी ने छह मई को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, जबकि भाजपा के 'एम्बलम' आर सेल्वम को 16 जून को निर्विरोध पुडुचेरी विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।