केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड में ‘खेलोत्सव 2026’ का रंगारंग आगाज़, मैदान में दिखा छात्रों का जोश
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 11, 2026 21:29 IST2026-03-11T21:29:04+5:302026-03-11T21:29:36+5:30
विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राजेश कुमार ने खेलोत्सव के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस खेल महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2009 में हुई थी।

photo-lokmat
रांची: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड, रांची में वार्षिक खेल महोत्सव ‘खेलोत्सव 2026’ की शुरुआत पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ हुई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सारंग मेढेकर, विभिन्न विभागों के शिक्षक, रेफरी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। उद्घाटन के साथ ही पूरे परिसर में खेलों का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई। विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. राजेश कुमार ने खेलोत्सव के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस खेल महोत्सव की शुरुआत वर्ष 2009 में हुई थी।
तब से यह आयोजन लगातार छात्रों के उत्साह और भागीदारी के साथ आगे बढ़ता आ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 17 वर्षों से यह मंच विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने की प्रेरणा देता रहा है। साथ ही उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों का आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सारंग मेढेकर ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी टीम कप्तानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। राष्ट्रगान के साथ खेलोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। फुटबॉल (बालक वर्ग) में स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन को हराया, जबकि स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज ने स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज को पराजित किया। कबड्डी में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज ने स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेज को मात दी और स्कूल ऑफ नेचुरल रिसोर्सेज मैनेजमेंट ने स्कूल ऑफ एजुकेशन को हराया।
वॉलीबॉल में स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेज ने बालक वर्ग में स्कूल ऑफ एजुकेशन तथा बालिका वर्ग में स्कूल ऑफ कल्चर स्टडीज को हराया। वहीं बालिका वॉलीबॉल के एक अन्य मुकाबले में स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज ने स्कूल ऑफ एजुकेशन को पराजित किया।
बैडमिंटन (बालिका युगल) में स्कूल ऑफ नेचुरल रिसोर्सेज मैनेजमेंट ने इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और कल्चर स्टडीज को हराया, जबकि स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज ने स्कूल ऑफ एजुकेशन तथा स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज ने स्कूल ऑफ मास कम्युनिकेशन को मात दी। खेलों के पहले दिन छात्रों की जबरदस्त भागीदारी और खेल भावना ने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया, जिससे खेलोत्सव 2026 की शुरुआत बेहद रोमांचक और यादगार रही।