पैरोल पर छूटा आदमी गाना गा सकता है या नहीं...मैं नहीं जानता- राम रहीम द्वारा दिवाली म्यूजिक वीडियो बनाने पर बोले मंत्री अनिल विज
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 28, 2022 07:40 IST2022-10-28T07:28:18+5:302022-10-28T07:40:37+5:30
आपको बता दें कि दिवाली पर राम रहीम ने एक म्यूजिक वीडियो लॉन्च किया है जिसके बोल 'साडी नित दी दीवाली' है। यह वीडियो 3 मिनट 52 सेकेंड का है जिसमें बाबा अपने पहले जैसे रूप में नजर आए है।

फोटो सोर्स: ANI फाइल फोटो
चंड़ीगढ़:हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने गुरुवार को कहा कि उन्हें नहीं मालूम है कि पैरोल पर छूटा कोई व्यक्ति गाना गा सकता है या नहीं। उन्होंने यह टिप्पणी डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के संदर्भ में की है। आपको बता दें कि राम रहीम ने दिवाली पर एक म्यूजिक वीडियो जारी किया था।
यही नहीं राम रहीम ऑनलाइन सत्संग भी करते है और पहले की तरह ऑनलाइन ही अपने भक्तों से जुड़ने की कोशिश कर रहे है।
राज्य के गृह मंत्री अनिल विज ने क्या कहा
राम रहीम के हालिया वीडियो के संबंध में पूछे जाने पर, विज ने कहा, ''जेल प्रशासन ने जेल नियमावली के तहत उन्हें पैरोल दी है और वह उत्तर प्रदेश के आश्रम में हैं। जेल नियमावली में यह देखना होगा कि पैरोल पर रहने वाला व्यक्ति गाना गा सकता है या नहीं। मुझे नहीं पता है।’’
गौर करने वाले बात यह है कि दिवाली पर राम रहीम ने एक म्यूजिक वीडियो लॉन्च किया है जिसके बोल 'साडी नित दी दीवाली' है। इस 3 मिनट 52 सेकेंड के गाने में पैरोल पर जेल से बाहर निकले राम रहीम ने शूट करवाया है।
विज ने गुरुग्राम के भोंडसी में हरियाणा पुलिस आवासीय परिसर परियोजना के उद्घाटन के अवसर पर मीडियाकर्मियों से कहा, “यह हरियाणा का स्वर्णिम काल है, जिसमें व्यवस्थाएं बदली गई हैं। हमने हर चीज को पारदर्शी बना दिया है और कई सेवाओं को ऑनलाइन बना दिया गया है।"
20 साल की सजा हुई है राम रहीम को
गौरतलब है कि राम रहीम सिरसा में अपने आश्रम में दो महिला शिष्यों से बलात्कार के आरोप में 20 साल की जेल की सजा काट रहा है और उसे पिछले सप्ताह 40 दिनों के लिए पैरोल मिली थी। ऐसे में हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट के लिए तीन नवंबर को होने वाले उपचुनाव और आगामी पंचायत चुनाव से पहले राम रहीम को पैरोल दिए जाने से विवाद पैदा हो गया है।