भोपाल: मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। चौहान अस्पताल के जिस वॉर्ड में भर्ती हैं, वहीं ड्यूटी करने वाली एक नर्स ने सीएम शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधी है।
मिल रही जानकारी के मुताबिक, जिस कोरोना वॉर्ड में सीएम भर्ती हैं, वहां सरोज नाम की एक नर्स इस समय ड्यूटी कर रही है। सरोज ने ही सीएम के हाथ में राखी बांधी है। बता दें कि 25 जुलाई को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद से ही सीएम चौहान इस वॉर्ड में भर्ती हैं।
जल्द ही अस्पताल से शिवराज सिंह चौहान को मिल सकती है छुट्टी-
कोरोना का इलाज कराने अस्पताल में भर्ती मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जल्द ही अस्पताल से छुट्टी हो सकती है। उन्होंने आज रविवार को कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल दिया है।
इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट करके दी है। अगर रिपोर्ट निगेटिव आती है, तो वह सोमवार या मंगलवार तक घर लौट आएंगे। चौहान की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें राजधानी के चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल से लगातार वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए काम कर रहे हैं-
अस्पताल भर्ती होने के बाद भी वह लगातार सक्रिय रहते हुए से ही वीडियो कनफ़्रेसिंग के ज़रिए काम करते रहे हैं। इस दौरान कोरोना की समीक्षा से लेकर अन्य विभागों के अधिकारियों और मंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए हैं।
रविवार सुबह उनका सैंपल आरटी-पीसीआर लिया गया है। इसकी निगेटिव आने पर वह कल सुबह से बाहर आ जाएंगे।