Rajya Sabha polls: नकवी, सहस्त्रबुद्धे और ओपी माथुर को टिकट नहीं, बीजेपी ने 22 प्रत्याशियों की घोषणा की, क्या रामपुर से उपचुनाव लड़ेंगे केंद्रीय मंत्री!
By भाषा | Updated: May 31, 2022 20:02 IST2022-05-31T18:04:54+5:302022-05-31T20:02:17+5:30
Rajya Sabha polls: मुख्तार अब्बास नकवी केंद्र में मंत्री हैं। चर्चा है कि उत्तर प्रदेश के रामपुर सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने इस्तीफा दे दिया है। आजम खान हाल ही में विधायक चुने गए हैं।

इन सभी सीटों के लिए सदस्यों के कार्यकाल जून से अगस्त के बीच समाप्त होने हैं।
Rajya Sabha polls: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए कुल 22 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। सूची से भाजपा के प्रमुख नेता केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और वरिष्ठ नेताओं विनय सहस्त्रबुद्धे और ओपी माथुर का नाम गायब है।
मुख्तार अब्बास नकवी केंद्र में मंत्री हैं। चर्चा है कि नकवी उत्तर प्रदेश के रामपुर सीट से उपचुनाव लड़ सकते हैं। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान ने इस सीट से इस्तीफा दे दिया है। आजम खान हाल ही में विधायक चुने गए हैं। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में भी उपचुनाव हो रहा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस्तीफा दिया है।
15 राज्यों की 57 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 10 जून को होना है। इन सभी सीटों के लिए सदस्यों के कार्यकाल जून से अगस्त के बीच समाप्त होने हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 मई है। राष्ट्रपति चुनाव से महज एक महीने पहले हो रहे राज्यसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव के लिए लक्ष्मीकांत बाजपेई, राधा मोहन दास अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह नागर, बाबूराम निषाद, दर्शना सिंह, संगीता यादव, मिथिलेश कुमार और के लक्ष्मण को उम्मीदवार घोषित किया है। मिथिलेश कुमार शाहजहांपुर से लोकसभा के पूर्व सदस्य हैं।
के लक्ष्मण भाजपा के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह भाजपा की तेलंगाना इकाई के पूर्व अध्यक्ष भी थे। अग्रवाल 2002 से लगातार गोरखपुर सदर सीट से विधायक चुने जाते रहे हैं लेकिन हाल में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपनी सीट छोड़ दी थी।
बाबूराम निषाद वर्तमान में उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष हैं। दर्शना सिंह भाजपा की महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष रह चुकी हैं। वहीं, संगीता यादव गोरखपुर जिले की चौरी चौरा विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी हैं।