सांस्कृतिक सम्पन्नता की ऐतिहासिक भूमि है राजस्थान : राज्यपाल मिश्र

By भाषा | Updated: March 30, 2021 21:40 IST2021-03-30T21:40:58+5:302021-03-30T21:40:58+5:30

Rajasthan is a historical land of cultural prosperity: Governor Mishra | सांस्कृतिक सम्पन्नता की ऐतिहासिक भूमि है राजस्थान : राज्यपाल मिश्र

सांस्कृतिक सम्पन्नता की ऐतिहासिक भूमि है राजस्थान : राज्यपाल मिश्र

जयपुर, 30 मार्च राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने प्रदेशवासियों से राज्य की सद्भाव की संस्कृति को सहेजने और प्रदेश के चहुंमुखी विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया है।

मिश्र राजस्थान स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को उदयपुर के मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान भक्ति और शक्ति का संगम स्थल होने के साथ ही साहित्य, कला और संस्कृति में भी बेहद सम्पन्न है। शूरवीरों की इस धरती का इतिहास रोचक और प्रेरणास्पद है।

उन्होंने कहा कि भाषा, बोली, धर्म, रीति-रिवाज में विविधता होते हुए भी प्रदेश अनूठी एकता के सूत्र में बंधा है, जो प्रदेश को विश्व में एक अनोखी पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के इस मान-सम्मान को बनाए रखने के लिए यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परम्पराओं को आगे बढ़ाने की सामूहिक जिम्मेदारी सभी प्रदेशवासियों की है।

राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने अपने संबोधन में प्रदेश की विरासत को अक्षुण्ण रखते हुए भविष्य की नई चुनौतियों के लिए तैयार करने की जरूरत व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्र के युवा भी सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस जैसे नए विषयों में अपना करियर बना सकें, इसके लिए पाठ्यक्रमों को नए सिरे से अपडेट किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रख्यात भजन गायक अनूप जलोटा ने कहा कि राजस्थान वासियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से साहित्य, संगीत, कला, विज्ञान और व्यापार सहित सभी क्षेत्रों में दुनियाभर में नाम कमाया है। उन्होंने अपने सम्बोधन में भक्त शिरोमणि मीरां बाई के अवदान को भी याद किया।

राजस्थानी भाषा के प्रख्यात कवि, अनुवादक एवं साहित्यकार डॉ. चन्द्रप्रकाश देवल ने अपने सम्बोधन में प्रदेश के लोक साहित्य और काव्य परम्परा की चर्चा की।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

गहलोत ने अपने संदेश में कहा, ‘‘राजस्थान शौर्य एवं साहस का दूसरा नाम है। यहां की धरती रणबांकुरों एवं वीरांगनाओं की धरती है। अपने भव्य महलों, किलों, स्मारकों, गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से प्रदेश की विश्व में एक अलग पहचान है।’’

गहलोत ने सभी प्रदेशवासियों का आह्वान किया कि राजस्थान दिवस के मौके पर वे प्रदेश को उन्नति के उच्चतम शिखर पर ले जाने में भागीदारी निभाने का संकल्प लें।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Rajasthan is a historical land of cultural prosperity: Governor Mishra

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे