Rajasthan Congress Crisis: अनिल विज का अशोक गहलोत पर हमला, बोले- 'जो प्रदेश नहीं संभाल सकता, कांग्रेस उसे देश संभालने की जिम्मेदारी देना चाहती है'
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: September 26, 2022 17:25 IST2022-09-26T17:21:00+5:302022-09-26T17:25:51+5:30
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने राजस्थान कांग्रेस संकट पर प्रतिक्रिया देते हुए उसे पार्टी का निजी मामला बताया लेकिन साथ में यह भी कहा कि जो हालत राजस्थान में देखने को मिल रही है उससे साफ है कि कांग्रेस पार्टी में भारी लोकतांत्रिक संकट है।

Rajasthan Congress Crisis: अनिल विज का अशोक गहलोत पर हमला, बोले- 'जो प्रदेश नहीं संभाल सकता, कांग्रेस उसे देश संभालने की जिम्मेदारी देना चाहती है'
अंबाला: मनोहर लाल खट्टर सरकार में गृह मंत्री और विवादास्पद मुद्दों पर मुखर रहने वाले हरियाणा के वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल विज ने राजस्थान कांग्रेस की कलह को पार्टी का आंतरिक मुद्दा बताते हुए भी कांग्रेस नेतृत्व पर जबरदस्त हमला किया है।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मामले में प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये कांग्रेस पार्टी का निजी मामला है लेकिन जो हालत राजस्थान में देखने को मिल रही है उससे साफ है कि कांग्रेस पार्टी में भारी लोकतांत्रिक संकट है। इतना ही नहीं मंत्री विज ने राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि जो नेतृत्व प्रदेश में अपने विधायकों को नहीं संभाल सकता है वो भला पार्टी की बागडोर कैसे संभालेगा।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा, "जो (अशोक गहलोत) अपने प्रदेश को नहीं संभाल सकता, कांग्रेस उसे देश संभालने की जिम्मेदारी देना चाहती है। वैसे तो ये उनका निजी मामला है लेकिन जो भी चल रहा है उसको देखते हुए तो लगता है की कांग्रेस में लोकतंत्र नहीं है।"
जो(अशोक गहलोत) अपने प्रदेश को नहीं संभाल सकता, कांग्रेस उसे देश संभालने की जिम्मेदारी देना चाहती है। वैसे तो ये उनका निजी मामला है लेकिन जो भी चल रहा है उसको देखते हुए तो लगता है की कांग्रेस में लोकतंत्र नहीं है: राजस्थान में राजनीतिक संकट पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज, अंबाला pic.twitter.com/98YgH3aE4E
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 26, 2022
मालूम हो कि राजस्थान विवाद के मुद्दे पर भाजपा के नेता काफी सक्रिय हैं और तरह-तरह से कांग्रेस के खिलाफ टिप्पणी करके कांग्रेस नेतृत्व को घेरने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा द्वारा हो रहे हमले के क्रम में यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी टिप्पणी की और ट्विटर पर इस पूरे मसले के लिए कांग्रेस आलाकमान को जमकर लताड़ लगाई।
योगी सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए कहा, "कांग्रेस आलाकमान (गांधी परिवार) की कमान से बाहर हो चुकी है कांग्रेस पार्टी।"
कांग्रेस आलाकमान (गांधी परिवार) की कमान से बाहर हो चुकी है कांग्रेस पार्टी।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) September 26, 2022
मालूम हो कि राजस्थान में कांग्रेस आतंरिक कलह से जूझ रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष के संभावित दावेदारी के बाद सीएम पद छोड़ने की अटकलों के बीच करीब 90 से ज्यादा विधायकों ने बगावत कर दिया है। सभी बागी विधायक अशोक गहलोत खेमे के माने जा रहे हैं, जिन्हें मनाने के लिए पार्टी आला कमान लगातार बैठक कर रही है।
कहा जा रहा है कि बागी विधायक सचिन पायलट को सीएम बनाने के पक्ष में नहीं हैं। बागी विधायक विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी के लिए लामबंदी कर रहे हैं, जिसे कांग्रेस आलाकमान द्वारा अनुशासनहीनता कहा जा रहा है।
कांग्रेस नेतृत्व ने इस मसले को हमल करने के लिए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को दिल्ली तलब किया है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ राजस्थान के बागी कांग्रेसी विधायकों को मनाने के लिए और अशोक गहलतो से बात करने के लिए जयपुर जा सकते हैं।