राजस्थानः सीएम का ऐलान, 6 हजार से अधिक दिव्यांगों को मिलेगा फ्री रेट्रोफिटेड स्कूटर, खरीद के लिए सीएम ने मंजूर किए 54 करोड़ रुपए
By अनिल शर्मा | Updated: June 25, 2023 13:40 IST2023-06-25T13:37:53+5:302023-06-25T13:40:18+5:30
गौरतलब है, मुख्यमंत्री ने बजट 2023-24 में 5 हजार मुफ्त स्कूटर वितरण की घोषणा की थी।

तस्वीरः अशोक गहलोत ट्विटर।
जयपुरः राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिव्यांगजनों का आवागमन आसान कर उन्हें सम्बल प्रदान करने के लिए 6 हजार से अधिक स्कूटर वितरित करने के लिए शनिवार 54.33 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी। राज्य सरकार द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 6,250 स्कूटर खरीदकर दिव्यागों में वितरित किए जाएंगे जिसके लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 54.33 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इस राशि से वर्ष 2023-24 के लिए 5 हजार और गत वर्ष वितरण में शेष 1,250 स्कूटियों सहित कुल 6 हजार 250 स्कूटियां क्रय की जाएंगी। ये स्कूटर रेट्रोफिटेड होंगे, जिससे दिव्यांगों को बाद में अतिरिक्त खर्च वहन नहीं करना पड़ेगा। गौरतलब है, मुख्यमंत्री ने बजट 2023-24 में 5 हजार मुफ्त स्कूटर वितरण की घोषणा की थी।
इससे पहले राजस्थान सरकार ने 109 नगर निकायों में सड़क विकास कार्यों के लिए 712 करोड़ रुपए मंजूर किए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस आशय के वित्तीय प्रावधान को स्वीकृति दी थी। इसके तहत राज्य के 109 नगर निकायों में मुख्य सड़कों के मरम्मत आदि के काम हो सकेंगे। गहलोत की बजट घोषणा के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में 50 किलोमीटर, नगर परिषद क्षेत्र में 35 किलोमीटर तथा नगर पालिका क्षेत्र में 20 किलोमीटर सड़कों के कार्य करवाए जाने प्रस्तावित हैं।