राजस्थानः वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान सिलेंडर में विस्फोट से 5 लोगों की मौत, 60 घायल, ज्यादातर की हालत गंभीर
By अनिल शर्मा | Published: December 9, 2022 08:48 AM2022-12-09T08:48:37+5:302022-12-09T11:02:54+5:30
अधिकारियों ने कहा कि जिस गैस सिलेंडर से शादी की दावत तैयार की जा रही थी, उसमें से एक में रिसाव के कारण आग लग गई।
जयपुर: राजस्थान के जोधपुर में गुरुवार को एक शादी समारोह के दौरान घर में आग लगने से 5 लोगों की मौत हो गई और करीब 60 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने कहा कि जिस गैस सिलेंडर से शादी की दावत तैयार की जा रही थी, उसमें से एक में रिसाव के कारण आग लग गई। उन्होंने कहा कि शेरगढ़ अनुमंडल के भुंगरा गांव में हुए इस विस्फोट के कारण मकान का एक हिस्सा भी गिर गया।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से कुछ लोग 80 से 100 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। जोधपुर (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिल कयाल ने बताया कि दूल्हे सुरेंद्र सिंह के घर मेहमान एकत्र हुए थे और उनके लिए खाना बन रहा था, तभी मकान के भंडार कक्ष में रखे एक सिलेंडर में गैस रिसाव के बाद आग लग गई और विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद घटनास्थल के पास मौजूद अन्य मेहमान एवं ग्रामीण वहां पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में दो बच्चों रत्न सिंह (पांच) और खुशबू (चार) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को एमजी अस्पताल ले जाया गया। जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता ने बताया कि विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई और 60 अन्य लोग घायल हो गए।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, जिला कलेक्टर हिमांशु गुप्ता ने कहा, "यह एक बहुत ही गंभीर दुर्घटना है। 60 घायलों में से 42 लोगों को एमजीएच अस्पताल में रेफर किया गया है।
एमजी अस्पताल की अधीक्षक राज श्री बेहरा ने कहा कि अस्पताल लाए गए 12 से अधिक घायल लोग 80 से 100 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और उनकी हालत गंभीर है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री एवं जोधपुर से सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस घटना में लोगों की मौत होने पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों का अच्छे से अच्छा उपचार कराया जाए।