लंपन एलिमेंट राज-उद्धव ठाकरे?, प्रशांत किशोर ने ठाकरे बंधुओं पर कहा-बीएमसी चुनाव में पकड़ साबित करना चाहते
By एस पी सिन्हा | Updated: July 16, 2025 17:24 IST2025-07-16T17:22:50+5:302025-07-16T17:24:24+5:30
मामले में दोनों भाइयों से ज्यादा जिम्मेदारी तो देश की दोनों बड़ी पार्टियों भाजपा और कांग्रेस की है, जो इनके साथ मिलकर सरकार चलाते रहे हैं।

file photo
पटनाः जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने महाराष्ट्र में हिंदी भाषा विवाद पर ठाकरे बंधुओं पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि ये दोनों भाई लंपन एलिमेंट (बेकार) हैं। लेकिन इन दोनों से ज्यादा जिम्मेदारी भाजपा और कांग्रेस की है, जो इनके साथ गठबंधन में सरकार चलाते हैं। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ और सिर्फ वहां होने वाले बीएमसी चुनाव से जुड़ा है। ये दोनों भाई स्थानीय निकाय चुनाव में अपनी पकड़ साबित करना चाहते हैं। इसलिए मराठी भाषा को लेकर विवाद कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने दोनों भाइयों को लंपन एलिमेंट्स बताते हुए इनके साथ सरकार चलाने पर भाजपा और कांग्रेस को भी घेरते हुए कहा कि इस मामले में दोनों भाइयों से ज्यादा जिम्मेदारी तो देश की दोनों बड़ी पार्टियों भाजपा और कांग्रेस की है, जो इनके साथ मिलकर सरकार चलाते रहे हैं।
बता दें कि प्रशांत किशोर अपनी ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत लगातार अलग-अलग जिलों और प्रखंडों में लोगों से संवाद कर रहे हैं। वह लोगों को यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि उनकी पार्टी अगर सत्ता में आई तो बिहार की बदहाल व्यवस्था को न केवल बदला जाएगा, बल्कि बिहार को एक विकसित राज्य बनाया जाएगा।
साथ ही बिहार के लोगों को रोजगार के लिए पलायन भी नहीं करना होगा। पीके ने बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से 20 मई को जेपी की जन्मभूमि सिताबदियारा से ‘बिहार बदलाव यात्रा’ की शुरुआत की थी। इस यात्रा का उद्देश्य बिहार की जनता को व्यवस्था परिवर्तन के लिए जागरूक करना है।