लाइव न्यूज़ :

पेगासस मामले पर राहुल ने विपक्षी दलों के साथ बैठक की, साझा रणनीति और एकजुटता पर जोर दिया

By भाषा | Updated: August 3, 2021 18:52 IST

Open in App

नयी दिल्ली, तीन अगस्त कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी नेताओं ने पेगासस जासूसी मामले पर मंगलवार को बैठक की जिसमें इस बात पर जोर दिया गया कि इन मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने और दबाव बनाने के लिए वे एकजुट होकर साझा रणनीति पर काम करेंगे।

इस बैठक में महंगाई और किसानों के मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

राहुल गांधी के न्योते पर कई प्रमुख विपक्षी दलों के नेता यहां कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में नाश्ते पर मिले। हालांकि इसमें आमंत्रित पार्टियों में बहुजन समाज पार्टी और आम आदमी पार्टी ने भाग नहीं भाग लिया।

बैठक में राहुल गांधी के अलावा राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश एवं कई सांसद, तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव, शिवसेना नेता संजय राउत, राजद के मनोज झा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल समेत 15 दलों के नेता शामिल हुए।

राहुल गांधी ने बैठक में कहा, ‘‘आप लोगों को आमंत्रित करने का एकमात्र मकसद था कि हमें एकजुट होना चाहिए। जितना ही ये आवाज एकजुट होगी, उतना ही शक्तिशाली होगी और भाजपा एवं आरएसएस के लिए इसे दबाना उतना ही मुश्किल होगा।’’

उन्होंने इस बात पर जोर दिया, ‘‘हमें एकजुटता की बुनियाद को याद रखना चाहिए।’’

सूत्रों का कहना है कि नाश्ते पर हुई इस बैठक में कुल 17 पार्टियों को न्यौता दिया गया था, लेकिन बसपा और आम आदमी पार्टी के नेता इस बैठक में शामिल नहीं हुए।

बैठक के बाद राहुल गांधी और कई अन्य विपक्षी नेता महंगाई का विरोध करते हुए साइकिल से संसद पहुंचे।

कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि विपक्षी नेताओं की बैठक 2024 की एक तस्वीर है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘बैठक में सभी दलों ने जो एकजुटता दिखाई, उसके लिए हम उनका धन्यवाद करना चाहते हैं। इस बैठक में बहुत ज्यादा समन्वय और सौहार्द दिखा। जो लोग बांटना और बरगलाना चाहते हैं, उन्हें स्पष्ट संदेश दिया गया है कि पेगासस, महंगाई और किसानों के मुद्दों पर हम एकजुट रहेंगे।’’

सिंघवी ने कहा कि देश की जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार किसी की नहीं सुन रही है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मोदी और महंगाई दोनों देश के लिए हानिकारक हो गए हैं। मोदी और महंगाई देश की जीडीपी को छोड़ कर ‘जीडीपी’ (गैस, पेट्रोल, डीजल) के घोड़े के सवार पर है।’’

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं के साथ नाश्ते पर ऐसे समय बैठक की है जब पेगासस और कुछ अन्य मुद्दों को लेकर पिछले कई दिनों से संसद के दोनों सदनों में गतिरोध बना हुआ है। 19 जुलाई से मॉनसून सत्र आरंभ हुआ था। लेकिन, अब तक दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित रही है।

विपक्षी दलों का कहना है कि पेगासस जासूसी मुद्दे पर पहले चर्चा कराने के लिए सरकार के तैयार होने के बाद ही संसद में गतिरोध खत्म होगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष की मांग को खारिज करते हुए शुक्रवार को लोकसभा में कहा था कि यह कोई मुद्दा ही नहीं है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटइंडियन प्रीमियर लीग में भुवनेश्वर कुमार ने जड़ा 'दोहरा शतक', ऐसा करने वाले दुनिया के दूसरे गेंदबाज, जानें पहले पायदान पर कौन?

क्रिकेट37 के साथ सबसे आगे CSK?, आईपीएल में सबसे ज्यादा 200 से अधिक रन बनाने वाली टीमें, देखिए टॉप-5 लिस्ट

क्राइम अलर्टमैडम दुकान के सामने गाड़ी मत लगाओ, ग्राहक को आने में दिक्कत होगी?, 78 वर्षीय दुकानदार को महिला उपनिरीक्षक ने थप्पड़ मारा, प्राथमिकी दर्ज

भारतगोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-भंडारण केंद्रों पर न जाएं और न ही भीड़ में इकट्ठा हों

पूजा पाठPanchang 06 April 2026: आज कब से कब तक है राहुकाल और अभिजीत मुहूर्त का समय, देखें पंचांग

भारत अधिक खबरें

भारतउच्च शिक्षा और अनुसंधान की चुनौतियां

भारतआदिवासी खेल: नई प्रतिभाओं की तलाश में एक सार्थक पहल

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल