'मैं RSS के दफ्तर में कभी नहीं जा सकता, मेरा आपको गला काटना पड़ेगा', वरुण गांधी के सवाल पर बोले राहुल- परेशानी खड़ी हो जाएगी...मैं स्वीकार नहीं कर सकता
By अनिल शर्मा | Updated: January 17, 2023 14:33 IST2023-01-17T14:28:36+5:302023-01-17T14:33:22+5:30
राहुल गांधी ने आरएसएस को निशाने पर लिया और कहा कि आरएसएस, भाजपा द्वारा देश की संस्थाओं को नियंत्रित किया जा रहा है। देश के मीडिया, नौकरशाही, निर्वाचन आयोग, न्यायपालिका पर ‘‘दबाव’’ है।

'मैं RSS के दफ्तर में कभी नहीं जा सकता, मेरा आपको गला काटना पड़ेगा', वरुण गांधी के सवाल पर बोले राहुल- परेशानी खड़ी हो जाएगी...मैं स्वीकार नहीं कर सकता
होशियारपुरः पंजाब के होशियारपुर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान वरुण गांधी को लेकर पूछे गए सवाल पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि मेरी विचारधारा उनकी विचारधारा से नहीं मिलती। मैं आरएसएस के दफ्तर में कभी नहीं जा सकता। राहुल गांधी ने कहा कि मैं जरूर प्यार से मिल सकता हूं। गले लग सकता हूं मगर उस विचारधारा को मैं स्वीकार नहीं कर सकता।
राहुल गांधी ने आगे कहा, वह भाजपा में हैं। शायद वह यहां चलेंगे तो उनको समस्या हो जाएगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि 'मैं आरएसएस के दफ्तर में कभी नहीं जा सकता। मेरा आपको गला काटना पड़ेगा। मैं नहीं जा सकता।'
मैं RSS के ऑफिस में कभी नहीं जा सकता, आपको मेरा गला काटना पड़ेगा।
— Congress (@INCIndia) January 17, 2023
: @RahulGandhi जी pic.twitter.com/zyTBCgmOlh
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने वरुण गांधी को लेकर आगे कहा कि मेरा जो परिवार है, उसकी एक विचारधारा है। उसकी एक विचार प्रणाली है। और जो वरुण है उन्होंने एक समय (शायद आज भी) उस विचारधारा को अपनाया। उस विचारधारा को अपना बनाया। मैं उसे स्वीकार नहीं कर सकता। बकौल राहुल गांधी- मैं जरूर प्यार से मिल सकता हूं। गले लग सकता हूं मगर उस विचारधारा को मैं स्वीकार नहीं कर सकता।
इस दौरान राहुल गांधी ने आरएसएस को निशाने पर लिया और कहा कि आरएसएस, भाजपा द्वारा देश की संस्थाओं को नियंत्रित किया जा रहा है। देश के मीडिया, नौकरशाही, निर्वाचन आयोग, न्यायपालिका पर ‘‘दबाव’’ है। पंजाब को केवल पंजाब से ही चलाया (शासन किया) जा सकता है। अगर उसे दिल्ली से चलाया जाता है तो राज्य के लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे।