Punjab Election Result 2022: बड़ी जीत के बाद बोले केजरीवाल- पंजाब की जनता ने इस बार सिस्टम बदला है
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 10, 2022 15:45 IST2022-03-10T15:42:25+5:302022-03-10T15:45:00+5:30
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरे खिलाफ बड़े षड्यंत्र रचे गए। केजरीवाल को आतंकवादी कहा गया। लेकिन इन नतीजों के जरिए देश की जनता ने बोल दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं, बल्कि देश का सच्चा सपूत है।

Punjab Election Result 2022: बड़ी जीत के बाद बोले केजरीवाल- पंजाब की जनता ने इस बार सिस्टम बदला है
चंडीगढ़:पंजाब विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत की ओर आगे बढ़ रही आम आदमी पार्टी के संयोजकर अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब की जनता ने इस बार सिस्टम बदला है, आप ने देश में सिस्टम बदला है। आज बाबा साहब अंबेडकर और भगत सिंह का सपना पूरा हुआ है।
अपने विजयी भाषण की शुरुआत करते हुए केजरीवाल ने सबसे पहले पंजाबी में बोलते हुए कहा कि 'पंजाब वालों तुस्सी कमाल कर दित्ता।' उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े लोग हार गए हैं। सुखबीर सिंह बादल हार गए, कैप्टन (अमरिंदर सिंह) साहब हार गए, चन्नी साहब हार गए, प्रकाश सिंह बादल हार गए, नवजोत सिंह सिद्धू हार गए, बिक्रम सिंह मजीठिया हार गए। पंजाब ने कमाल कर दिया।
उन्होंने आगे कहा कि मेरे खिलाफ बड़े षड्यंत्र रचे गए। केजरीवाल को आतंकवादी कहा गया। लेकिन इन नतीजों के जरिए देश की जनता ने बोल दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं, बल्कि देश का सच्चा सपूत है।
उन्होंने कहा कि आज नए भारत का संकल्प लेंगे। नए भारत जिसमें नफरत नहीं होगी, मां बहनें सुरक्षित होंगी, शिक्षा होगी। उन्होंने नाम लिए बगैर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि 'हम ऐसा भारत बनाएंगे, जिसमें कई मेडिकल कालेज होंगे, जिससे बच्चो को यूक्रेन नही जाना पड़ेगा।'
केजरीवाल ने कहा कि सभी महिलाएं, युवा, किसान गरीब सब आम आदमी पार्टी ज्वाइन करें। आज मोबाइल रिपेयर वाली दुकान में नौकरी करने वाले शख्स ने चन्नी को हराया। आम कार्यकर्ता नवजोत ने मजीठिया को हराया, सिद्धू को हराया।
उन्होंने कहा कि छोटे भाई भगवंत सिंह मान को पंजाब का सीएम बनने पर बधाई। नतीजे अभी और बाकी हैं। इतना बड़ा बहुमत, लोगों का विश्वास टूटने नही देना है।
केजरीवाल ने कहा कि 'मेरे खिलाफ बड़े षड्यंत्र रचे गए। केजरीवाल को आतंकवादी कहा गया। लेकिन इन नतीजों के जरिए देश की जनता ने बोल दिया कि केजरीवाल आतंकवादी नहीं, बल्कि देश का सच्चा सपूत है।
बता दें कि, पंजाब में आप 92 सीटों पर जीत हासिल करने की ओर बढ़ रही है जिसमें 14 सीटों पर उसने जीत हासिल कर ली है जबकि 78 सीटों पर उसने बढ़त बनाई हुई है।
वहीं, कांग्रेस 2 सीटों पर जीत हासिल करने और 16 सीटों पर बढ़त बनाने के लिए 18 सीटों पर जीत हासिल करने की ओर बढ़ रही है। 1 सीट भाजपा और 1 सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत ली है जबकि अकाली दल फिलहाल 3 सीटों पर आगे है।