भगवंत मान एक शराबी और अनपढ़ व्यक्ति हैं, तीन साल में 12वीं पास की, पंजाब सीएम चन्नी का आप नेता पर हमला
By अनिल शर्मा | Updated: February 17, 2022 08:32 IST2022-02-17T08:26:37+5:302022-02-17T08:32:29+5:30
पंजाब सीएम ने बुधवार को बठिंडा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, भगवंत मान एक शराबी और अनपढ़ व्यक्ति हैं। उन्होंने तीन साल में 12वीं पास की। हम ऐसे व्यक्ति को पंजाब की कमान कैसे दे सकते हैं?

भगवंत मान एक शराबी और अनपढ़ व्यक्ति हैं, तीन साल में 12वीं पास की, पंजाब सीएम चन्नी का आप नेता पर हमला
चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री उम्मीदवार भगवंत मान पर जमकर निशाना साधा। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि भगवंत मान एक शराबी और अनपढ़ व्यक्ति हैं। चन्नी के इस बयान के बाद पंजाब में सियासत गर्म हो गयी। चन्नी ने आप से सवाल किया कि ऐसे व्यक्ति को कोई पंजाब की कमान कैसे दे सकता है। इससे पहले उन्होंने कहा था कि ‘आप’ के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धूरी विधानसभा सीट से बुरी तरह से हारने वाले हैं।
पंजाब सीएम ने बुधवार को बठिंडा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, भगवंत मान एक शराबी और अनपढ़ व्यक्ति हैं। उन्होंने तीन साल में 12वीं पास की। हम ऐसे व्यक्ति को पंजाब की कमान कैसे दे सकते हैं? कांग्रेस पार्टी द्वारा एक रोड शो आयोजित किया गया था जिसमें पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी ने बठिंडा शहरी सीट के उम्मीदवार मनप्रीत सिंह बादल के पक्ष में बात की थी। चन्नी ने इस दौरान अरविंद केजरीवाल का नाम लेते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल पंजाब को अपने हाथ में लेने का फैसला कैसे कर सकते हैं?
इससे पहले आप पर निशाना साधते हुए चन्नी ने कहा था कि पार्टी उनके खिलाफ झूठ फैला रही है और उसने (आप) आपराधिक पृष्ठभूमि वाले कई उम्मीदवारों को टिकट भी दिया है। चन्नी ने वादा किया कि अगर कांग्रेस 20 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद सत्ता में दोबारा वापसी करती है तो सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। इसके साथ ही सरकार के पहले साल में ही एक लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए चन्नी ने कहा कि ‘आप’ ने 44 ऐसे उम्मीदवारों को टिकट दिए हैं, जो दूसरे राजनीतिक दलों से आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘आप’ का हर तीसरा और चौथा उम्मीदवार आपराधिक मुकदमों का सामना कर रहा है। बदलाव लाने के ‘आप’ के दावे पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने कई ऐसे उम्मीदवार उतारे हैं, जिन्हें अन्य राजनीतिक दलों ने खारिज कर दिया है।
केजरीवाल पर ‘झूठे और बेबुनियाद दावों’ के आधार पर प्रचार करने का आरोप लगाते हुए चन्नी ने कहा कि ‘आप’ नेता यह महसूस करने के बाद उनके खिलाफ झूठ फैला रहे हैं कि वे आगामी चुनाव नहीं जीतने जा रहे हैं। चन्नी ने चमकौर साहिब और भदौर विधानसभा सीट से उनकी हार के केजरीवाल के दावे को भी खारिज किया। कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल को उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी, पर ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने इसे स्वीकार नहीं किया। चन्नी ने दावा किया, ‘मैं दोनों सीटों से कम से कम 25,000 वोटों के अंतर से जीतूंगा और यह आंकड़ा 50,000 वोटों तक भी पहुंच सकता है।’ मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ‘आप’ के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान धूरी विधानसभा सीट से बुरी तरह से हारने वाले हैं।