पंजाब कांग्रेस में कलहः कल सोनिया गांधी से मिलेंगे सीएम अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू और जाखड़ मुद्दे पर चर्चा की उम्मीद
By सतीश कुमार सिंह | Updated: July 5, 2021 20:52 IST2021-07-05T20:50:25+5:302021-07-05T20:52:05+5:30
पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।

पार्टी की तीन सदस्यीय समिति ने भी 100 से अधिक नेताओं और मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के साथ मंत्रणा की थी।
चंडीगढ़ः कांग्रेस की पंजाब इकाई में चल रही कलह के बीच मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि सिंह के मंगलवार सुबह दिल्ली में सोनिया गांधी के आवास पहुंचकर मुलाकात करने की संभावना है। पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के साथ लंबी बैठक की थी।
माना जा रहा है कि इन बैठकों में कांग्रेस आलाकमान की ओर से सिद्धू को पार्टी या संगठन में सम्मानजनक स्थान की पेशकश के साथ मनाने का प्रयास किया गया। हाल के दिनों में सिद्धू लगातार इस बात पर जोर दे रहे हैं कि वह मुख्यमंत्री के साथ काम नहीं कर सकते।
Punjab CM Captain Amarinder Singh to meet Congress Interim President Sonia Gandhi in New Delhi tomorrow
— ANI (@ANI) July 5, 2021
(File photos) pic.twitter.com/sPe2QlZ8lC
हाल के कुछ हफ्तों से सिद्धू और पंजाब कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। सिद्धू का कहना है कि गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कारगर कदम भी नहीं उठाए गए।
हाल में आलाकमान के साथ सिद्धू की मैराथन बैठकें
कांग्रेस की पंजाब इकाई में मची कलह को शांत करने के लिए जारी प्रयासों के बीच पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी के साथ लंबी मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि इन बैठकों में कांग्रेस आलाकमान की ओर से सिद्धू को पार्टी या संगठन में सम्मानजनक स्थान की पेशकश के साथ मनाने का प्रयास किया गया है।
सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के खिलाफ सिद्धू के सख्त रुख को देखते हुए कांग्रेस आलाकमान दोनों नेताओं के लिहाज से संतोषजनक समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है। सिद्धू के साथ बैठकों के बीच ही, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सोनिया गांधी के साथ भी अलग से लंबी मंत्रणा की।