भगवंत मान दूसरी बार करने जा रहे हैं शादी, कल डॉ गुरप्रीत कौर से करेंगे ब्याह; चंडीगढ़ में होगा कार्यक्रम
By विनीत कुमार | Updated: July 6, 2022 14:38 IST2022-07-06T14:24:13+5:302022-07-06T14:38:37+5:30
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कल शादी करेंगे। ये उनकी दूसरी शादी है। पहली पत्नी से उनका तलाक छह साल पहले हो गया था। पहली पत्नी से उनके दो बच्चे हैं।

भगवंत मान दूसरी बार बनने जा रहे हैं दूल्हा (फोटो- एएनआई)
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शादी करने जा रहे हैं। वे गुरुवार को शादी के बंधन में बंध जाएंग। सामने आई जानकारी के अनुसार शादी का पूरा कार्यक्रम चंडीगढ़ में होगी। भगवंत मान की शादी डॉक्टर गुरप्रीत कौर से होने जा रही है। यह समारोह चंडीगढ़ में सीएम मान के आवास पर ही होगा। इस दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहेंगे।
48 साल के भगवंत मान की यह दूसरी शादी है। वे 6 साल पहले अपनी पहली पत्नी से तलाक लेकर अलग हो गए थे। उनकी पहली पत्नी इंद्रजीत कौर और बच्चे अमेरिका में रहते हैं। हाल में इसी साल विधानसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो पहली पत्नी से दोनों बच्चे भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में भी अमेरिका से हिस्सा लेने आए थे।
पंजाब का मुख्यमंत्री बनने से पहले भगवंत मान दो बार संगरूर से सांसद रह चुके हैं। वे पहली बार 2014 में पंजाब के संगरूर से सांसद बने। इस दौरान उनकी पत्नी चुनाव प्रचार में उनके साथ नजर आई थीं। हालांकि बाद के वर्षों में दोनों के रिश्तों अलगाव हो गया था।
भगवंत मान ने कहा था कि राजनीति की वजह से वे परिवार को समय नहीं दे पा रहे हैं। इसलिए पहली पत्नी से उनसे दूरी बना ली। मान ने तब तलाक के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए कहा था कि उन्होंने पंजाब को अपने परिवार के ऊपर चुना है और राजनीति के लिए पत्नी से अलग हो रहे हैं।
इस साल पंजाब विधानसभा चुनाव के ठीक पहले आम आदमी पार्टी ने मान को अपना मुख्यमंत्री चेहरा बनाया था। पार्टी का ये फैसला सही साबित हुआ और मान के नेतृत्व में 'आप' प्रचंड बहुमत के साथ पहली बार दिल्ली से बाहर किसी राज्य में सत्ता में आई।