पंजाब : भाजपा ने अनिल जोशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया
By भाषा | Updated: July 6, 2021 22:36 IST2021-07-06T22:36:16+5:302021-07-06T22:36:16+5:30

पंजाब : भाजपा ने अनिल जोशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया
चंडीगढ़, छह जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई ने मंगलवार को पार्टी के नेता और राज्य के पूर्व मंत्री अनिल जोशी को ‘‘पार्टी विरोधी’’ गतिविधियों के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया।
नोटिस के अनुसार जोशी से दो दिन के भीतर जवाब मांगा गया है कि उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न की जाए? यह नोटिस पंजाब इकाई के महासचिव सुभाष शर्मा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के निर्देश पर जारी किया है।
शर्मा ने कहा कि जोशी केंद्र सरकार, पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और नीतियों के खिलाफ बयान दे रहे हैं, जो ‘‘पार्टी विरोधी’’ गतिविधियों के समान हैं। अमृतसर उत्तर सीट से विधायक अनिल जोशी ने कहा था कि केंद्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन के चल रहे मुद्दे को जल्द हल नहीं किया गया तो भाजपा नेताओं के लिए अपने घरों से बाहर निकलना मुश्किल होगा।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।