पंजाब विधानसभा चुनावः कांग्रेस के बाद आप में घमासान?, सांसद भगवंत मान को सीएम घोषित करने की मांग
By सतीश कुमार सिंह | Updated: September 6, 2021 18:11 IST2021-09-06T15:52:28+5:302021-09-06T18:11:58+5:30
Punjab Assembly Elections: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वादा किया। अगर आम आदमी पार्टी पंजाब में चुनाव जीतती है तो प्रत्येक घर के लिए प्रति माह 300 यूनिट मुफ्त बिजली।

सीएम केजरीवाल ने कहा था कि जल्द ही मुख्यमंत्री पद की घोषणा की जाएगी। (फाइल फोटो)
Punjab Assembly Elections: कांग्रेस के बाद आप में घमासान तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान मुख्यमंत्री घोषित करने की मांग तेज हो गई है। संगरूर के सांसद मान के सर्मथकों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल से कहा कि जल्द से जल्द मान को सीएम प्रत्याशी घोषित किया जाए।
खबरों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष भगवंत मान के समर्थकों ने चंडीगढ़ में पार्टी के नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा के आधिकारिक आवास के बाहर धरना दिया और यह भी मांग की कि संगरूर के सांसद को 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए नामित किया जाए।
आपको बता दें कि हाल ही एक सर्वे में देखा गया है कि आप पंजाब में सबसे बड़ी पार्टी बन रही है। कांग्रेस में रार है। अकाली और बसपा मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। कृषि बिल को लेकर भाजपा वहां पर अकेले है। आप ने बिजली की छूट की घोषणा करके चुनावी बिगुल फूंक दिया है।
विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब की जनता को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बिजली से संबंधित घोषणाएं की थीं और कहा कि अगर आम आदमी पार्टी (आप) सत्ता में आई तो सबको 300 यूनिट बिजली और किसानों को पूरी बिजली मुफ्त दी जाएगी।
हाल ही में पंजाब दौरे पर आए दिल्ली के आप विधायक राधव चड्ढा ने कहा था कि हम इसका जल्द ऐलान कर देंगे। आप की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार कौन होंगे, इस पर चड्ढा ने कहा कि पार्टी जल्दी इस पर स्थिति साफ कर देगी। मुख्यमंत्री पंजाब के लोगों में से ही होंगे।
