पुडुचेरी के मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष के आरोपों को किया खारिज
By भाषा | Updated: February 1, 2021 20:20 IST2021-02-01T20:20:55+5:302021-02-01T20:20:55+5:30

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष के आरोपों को किया खारिज
पुडुचेरी, एक फरवरी पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने सोमवार को भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा को कांग्रेस सरकार पर लगाए आरोपों को साबित करने की चुनौती देते हुए दावा किया कि वह नहीं बल्कि केंद्रशासित प्रदेश की उप राज्यपाल किरण बेदी यहां कपड़ा मिलों के बंद होने के लिए जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि नड्डा को आरोप लगाने से पहले तथ्यों को जुटा लेना चाहिए। रविवार को नड्डा ने आरोप लगाया था कि केंद्र शासित प्रदेश में कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है और इसकी वजह से कपड़ा मिल और औद्योगिक इकाईयां बंद हो गई हैं।
मुख्यमंत्री ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मेरा मानना है कि रविवार को एक सार्वजनिक सभा में नड्डा ने जो मुद्दे उठाए, उसके बारे में उन्हें गलत जानकारियां दी गई।’’
नारायणसामी ने कहा कि कम से कम कम अगली बार जब वह केंद्रशासित प्रदेश आएं तो सही तथ्यों के साथ आएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह भाजपा अध्यक्ष को पत्र लिखकर न केवल मिल के मुद्दे पर आरोप साबित करने की चुनौती देंगे बल्कि सभा के दौरान उठाए गए अन्य मुद्दों को साबित करने के लिए कहेंगे।
पुडुचेरी में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव का आयोजन होना है। नड्डा ने नारायणसामी और कांग्रेस सरकार पर मिलों और राशन दुकानों को बंद करने के आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को यहां विधानसभा चुनाव में जीत हासिल होगी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।