लाइव न्यूज़ :

दिल्ली में महामारी के बीच भाजपा की गैरमौजूदगी संबंधी प्रचारक की टिप्पणी निजी राय : संघ

By भाषा | Updated: April 29, 2021 20:42 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक प्रचारक द्वारा कोरोना वायरस संकट के समय दिल्ली में भाजपा कार्यकर्ताओं की जमीन पर मौजूदगी नहीं होने पर सवाल उठाने को आरएसएस ने उनकी निजी टिप्पणी बताया और कहा कि यह संघ का आधिकारिक रूख नहीं है ।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के पूर्व प्रांत प्रचार प्रमुख राजीव तुली ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा था कि जब महामारी के कारण राजधानी में अफरातफरी है, तब किसी ने दिल्ली भाजपा इकाई को देखा?

हालांकि बाद में इस ट्वीट को हटा लिया गया।

इस बारे में पूछे जाने पर आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा, ‘‘ यह उनका निजी विचार हो सकता है लेकिन यह संघ का अधिकृत मत नहीं है । ’’

हालांकि, सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस संक्रमण के संकट के दौरान भाजपा की दिल्ली इकाई विशेष रूप से उसके पदाधिकारियों, पार्षदों और सांसदों आदि की जमीन पर मौजदूगी नहीं दिखने से संघ के एक वर्ग में नाराजगी है ।

गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच लोगों को अस्पतालों में बिस्तरों, आक्सीजन सिलेंडरों, जरूरी दवाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है और लोग उपचार के लिये भटक रहे हैं ।

इस बीच, आंबेकर ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से देश के कई हिस्से काफी प्रभावित हुए हैं। ऐसे में संघ के स्वयंसेवक 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र तथा अन्य 219 स्थानों पर कोविड अस्पतालों में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं ।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने, सेवाभारती सहित अन्य संगठन व संस्थाओं के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों व परिवारों में राहत पहुंचाने का कार्य शुरू किया है। इसके तहत अभी 12 प्रकार के कार्य प्राथमिकता से प्रारंभ हुए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों द्वारा कोविड के संभावित लोगों हेतु पृथकवास केंद्र एवं संक्रमित रोगियों हेतु कोविड केअर (सेवा) केंद्र, सरकारी कोविड केंद्र एवं अस्पतालों में सहायता पहुंचायी जा रही है।

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख ने कहा कि इसके तहत सहायता के लिए दूरभाष (हेल्पलाइन नंबर) जारी किया गया है, साथ ही रक्तदान, प्लाज्मा दान अभियान सहित अंतिम संस्कार के कार्य में सहायता की जा रही है ।

आंबेकर ने कहा कि कई प्रांतों में स्वयंसेवकों द्वारा आयुर्वेदिक काढ़ा वितरण, काउंसलिंग, ऑक्सीजन आपूर्ति व एम्बुलेंस सेवा, भोजन, राशन व मास्क तथा टीकाकरण अभियान एवं जागरूकता जैसे आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल प्रारंभ किया गया है।

उन्होंने जोर दिया कि संघ के स्वयंसेवक स्थानीय प्रशासन की भी हर संभव सहायता कर रहे है ताकि सभी मिलकर इस चुनौती पर विजय प्राप्त कर सकें। उन्होंने इस क्रम में इंदौर में संघ की पहल पर स्थापित कोविड केंद्र का जिक्र किया ।

उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों द्वारा अभी 43 प्रमुख शहरों में कोविड सेवा केंद्र चलाए जा रहे हैं तथा अन्य 219 स्थानों पर कोविड अस्पतालों में प्रशासन को सहयोग दिया जा रहा है।

संघ के पदाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण हेतु दस हजार से अधिक स्थानों पर जागरूकता अभियान के साथ 2442 टीकाकरण केंद्र अभी तक प्रारंभ किये गए हैं।

उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोगों का इस कार्य में सहयोग आवश्यक है, तथा कोरोना के प्रकोप पर शासन-प्रशासन व समाज के समन्वित प्रयास से ही भारत विजय प्राप्त करेगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबाररुपये की तेज छलांग! 2013 के बाद सबसे बड़ा उछाल

क्रिकेटIPL 2026: समीर रिज़वी और रवि बिश्नोई शीर्ष पर, मौजूदा ऑरेंज और पर्पल कैप लीडर्स की सूची देखें

कारोबारGold Rate Today: 6 अप्रैल 2026 को सोना हुआ सस्ता, 24 कैरेट सोने की कीमत ₹ 1,51,765 प्रति 10 ग्राम

ज़रा हटकेचाचा जी, मुझे बचा लो?, 4 साल की लड़की को जंजीर से बांधकर पूर्व सैनिक ने पीटा

क्रिकेट3 मैच में 6-7 और 9 रन?, आरआर से सीएसके में लौटे सैमसन का बल्ला नहीं चला, कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा- माहौल में ढल रहे और जल्द रन बरसाएंगे?

भारत अधिक खबरें

भारतरामअवतार जग्गी हत्याः अमित जोगी को आजीवन कारावास की सजा

भारतबीजेपी 47वां स्थापना दिवस समारोहः करोड़ों कार्यकर्ता को बधाई, हम पार्टी को अपनी मां मानते हैं?, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा-भावुक पोस्ट, वीडियो

भारतBaramati Bypoll 2026: कौन हैं आकाश मोरे? बारामती उपचुनाव में महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से टक्कर?

भारतअसम की जनता ने इस बार दो काम पक्के किए?, पीएम मोदी बोले- एनडीए की हैट्रिक और कांग्रेस के शाही परिवार के नामदार की हार की सेंचुरी का रिकॉर्ड?

भारतपाकिस्तानी सोशल मीडिया की झूठी जानकारी का इस्तेमाल कर पत्नी पर आरोप, सीएम सरमा ने कहा-फर्जी डॉक्यूमेंट्स के साथ जनता के सामने बात?