लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया, अनशन पर बैठीं

By भाषा | Updated: October 4, 2021 15:26 IST2021-10-04T15:26:38+5:302021-10-04T15:26:38+5:30

Priyanka Gandhi on her way to Lakhimpur Kheri was detained, sat on fast | लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया, अनशन पर बैठीं

लखीमपुर खीरी जा रहीं प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया गया, अनशन पर बैठीं

लखनऊ:लखीमपुर खीरी (उप्र), चार अक्टूबर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा को सोमवार को उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब वह लखीमपुर खीरी जा रही थीं। इसके विरोध में उन्होंने अनशन शुरू कर दिया।

पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रियंका और दीपेंद्र हुड्डा सहित कई अन्य कांग्रेस नेता सुबह लखीमपुर सीमा पर पहुंच गए थे, लेकिन उन्हें उन किसानों के परिवारों से मिलने की अनुमति नहीं दी गयी, जिनकी एक दिन पहले हिंसा में मौत हो गयी थी।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट में कहा, "कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह भूख हड़ताल पर हैं। कांग्रेस के सदस्य प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार को हमारी मांगों के आगे झुकना होगा। न्याय के लिए आवाज को और बुलंद किया जाएगा।’’

पार्टी द्वारा जारी एक वीडियो में, प्रियंका को एक कमरे में झाड़ू लगाते हुए देखा गया, जहां उन्हें रखा गया था।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने बताया कि प्रियंका तथा कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा समेत कुछ वरिष्ठ नेता लखीमपुर खीरी जा रहे थे। तभी तड़के करीब पांच बजे रास्ते में सीतापुर में उन्हें हिरासत में ले लिया गया और पीएसी के परिसर में भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव को इस तरह से रोका जाना अलोकतांत्रिक है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे को लेकर किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान रविवार को लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में भड़की हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई।

कांग्रेस नेताओं को सीतापुर में सीमावर्ती हरगांव इलाके तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग लेना पड़ा, क्योंकि हिंसा प्रभावित जिले में मुख्य सड़कों पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात थे।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर ने सुबह करीब साढ़े चार बजे फोन पर पीटीआई-भाषा से कहा, ''हम लखीमपुर खीरी के बाहर इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने हमें अंदर जाने से रोक दिया है। हम यहां हिंसा पीड़ितों से मिलने आए हैं।''

इससे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने प्रियंका गांधी के काफिले को लखनऊ में कुछ समय के लिए रोक दिया था, जब कांग्रेस महासचिव रविवार रात पहुंची थीं।

अधिकारियों के अनुसार लखीमपुर जिले के कुछ हिस्सों में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है, जहां दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रदेश पुलिस ने इस घटना को "दुर्भाग्यपूर्ण" बताते हुए सोमवार तड़के ट्विटर पर लिखा कि जिला प्रशासन के अनुसार अब तक आठ लोगों की मौत होने की सूचना है।

पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं और स्थिति नियंत्रण में है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Priyanka Gandhi on her way to Lakhimpur Kheri was detained, sat on fast

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे