महासचिव प्रियंका गांधी का लखनऊ में पहला दौरा आज, ऑडियो जारी कर यूपी वालों से कही ये बात
By पल्लवी कुमारी | Updated: February 11, 2019 06:23 IST2019-02-11T06:23:43+5:302019-02-11T06:23:43+5:30
प्रियंका गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी सोमवार को लखनऊ आ रहे है।

महासचिव प्रियंका गांधी का लखनऊ में पहला दौरा आज, ऑडियो जारी कर यूपी वालों से कही ये बात
कांग्रेस महासचिव के तौर पर उत्तर प्रदेश की अपनी पहली यात्रा से एक दिन पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राज्य के लोगों के साथ मिल कर वह ‘‘नयी तरह की राजनीति’’ शुरू करने की उम्मीद करती हैं, जिसमें हर किसी की हिस्सेदारी होगी।
प्रियंका को पूर्वी उप्र का और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उप्र का प्रभारी कांग्रेस महासचिव नियुक्त किए जाने के बाद सोमवार को राज्य की उनकी यह पहली यात्रा होगी। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी होंगे। पिछले महीने नयी नियुक्तियों की घोषणा होने के बाद ये लोग इस अहम राज्य का दौरा कर रहे हैं।
प्रियंका ने कांग्रेस के शक्ति ऐप के जरिए प्रदेश वासियों से क्या कहा?
प्रियंका ने कांग्रेस के शक्ति ऐप के जरिए कहा, ‘‘मैं आप सब से मिलने के लिए कल लखनऊ आ रही हूं। मुझे उम्मीद है कि साथ मिल कर हम नयी तरह की राजनीति शुरू करेंगे, ऐसी राजनीति जिसमें आप सब हित धारक होंगे...मेरे युवा मित्रों, मेरी बहनों और यहां तक कि सबसे कमजोर व्यक्ति, सबकी आवाज सुनी जाएगी।’’
GS Incharge UP East, Priyanka Gandhi Vadra's message inviting the people of UP to join her as equal partners in a new kind of politics. #NayiUmeedNayaDeshhttps://t.co/u42l3JKBTQ
— Congress (@INCIndia) February 10, 2019
तीनों नेताओं के हवाईअड्डे से पार्टी के राज्य मुख्यालय तक की यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का रोड शो करने की योजना है।
कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले इस यात्रा को राज्य में पार्टी के चुनाव प्रचार के शंखनाद के तौर पर देख रही है।
प्रियंका ने कहा, ‘‘आइए, एक नये भविष्य का निर्माण करें, मेरे साथ नयी राजनीति करें। धन्यवाद।’’ सिंधिया ने अपने संदेश में कहा, ‘‘कल मैं आपके पास आ रहा हूं। उप्र के युवाओं को भविष्य के लिए एक खाके की और राज्य को बदलाव की जरूरत है। आइए हमारे साथ जुड़िये और उत्तर प्रदेश में बदलाव लाइए।’’ कांग्रेस के दोनों महासचिव 12,13 और 14 फरवरी को लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बात करेंगे।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राज्य की 80 लोकसभा सीटों में से 42 सीटों की प्रभारी प्रियंका राजधानी में 14 फरवरी तक अपने प्रवास के दौरान विधानसभा वार पार्टी के पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगी । प्रियंका का प्रदेश के कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं से मिलने का पूरा कार्यक्रम विस्तार से बना लिया गया है।
100 से ज्यादा स्वागत स्थल प्रियंका गांधी के लिए
कांग्रेस की नवनियुक्त महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के सोमवार को राजधानी आगमन की जबरदस्त तैयारियां की गई हैं। प्रियंका के साथ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया भी सोमवार को लखनऊ आ रहे है। हवाई अड्डे से उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन तक के लगभग 100 से ज्यादा स्वागत स्थल चिह्नित किए गए हैं। कानपुर, उन्नाव, सीतापुर, लखीमपुर, फैजाबाद, सुलतानपुर, अमेठी, रायबरेली, बाराबंकी, फैजाबाद आदि जिलों से कार्यकर्ताओं स्वागत के लिए पहुंचेंगे।
कांग्रेस के लखनऊ प्रभारी विनोद मिश्र ने बताया कि अवध चौराहे के आगे लखनऊ के कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। हवाई अड्डे से उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन तक पूरे रास्ते को होर्डिंग बैनर और कटआउट से सजाया जा रहा है।(पीटीआई इनपुट के साथ)